समस्तीपुर रेल मंडल में महिला दिवस का गरिमामय आयोजन, महिला कर्मियों को किया सम्मानित 

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर मंडल में महिला दिवस के अवसर पर आज दिनांक 26 मार्च 2026 को मंडल रेल कार्यालय स्थित मंथन सभागार में एक भव्य एवं सार्थक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज एवं कार्यस्थल पर महिलाओं की भूमिका, उनके योगदान तथा महिला सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी  विवेक कुमार द्वारा स्वागत भाषण एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करने के साथ हुआ। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक  ज्योति प्रकाश मिश्रा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि—


“यह विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि प्रत्येक महिला कर्मचारी अपने पुरुष समकक्ष की तुलना में कहीं अधिक दायित्वों और दबावों का प्रेशर झेलती हैं। वे घर में बुजुर्ग माता-पिता एवं सास-ससुर की देखभाल, बच्चों की शिक्षा-दीक्षा, उनके दैनिक जीवन के प्रबंधन तथा संपूर्ण गृह व्यवस्था का कुशल संचालन करती हैं। इन सभी जिम्मेदारियों के साथ-साथ वे कार्यालयीन कार्यों का भी अत्यंत दक्षता, समर्पण और पेशेवर उत्कृष्टता के साथ निर्वहन करते हुए निरंतर उच्चतम स्तर का योगदान प्रदान करती हैं।”

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा रेल मंत्रालय द्वारा तैयार महिला सशक्तिकरण विषय पर लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने उपस्थित सभी को प्रेरित किया।

इसके उपरांत विभिन्न महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों—जैसे श्रीमती रेखा साहू, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, श्रीमती अनन्या स्मृति, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्रीमती कंचन कुमारी, लोको पायलट, गुड्स तथा  कंचन कुमारी, वरीय वाणिज्य लिपिक सह टिकट निरीक्षक ने अपने-अपने विचार साझा किए।
वक्ताओं ने अपने अनुभवों के माध्यम से कार्यस्थल पर महिलाओं की चुनौतियों, उपलब्धियों तथा आत्मनिर्भरता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के क्रम में सभी प्रतिभागियों एवं महिला कर्मचारियों को सम्मान स्वरूप एक-एक सम्मान स्मारिका भी प्रदान किया गया। इस पहल ने सभी के बीच उत्साह एवं सम्मान की भावना को और प्रबल किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

आज का यह आयोजन न केवल महिलाओं के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम बना, बल्कि समाज एवं कार्यस्थल पर उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को पुनः स्थापित करने में भी सफल रहा।
कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं का भी योगदान रहा।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक  सन्नी सिन्हा सहित मंडल की महिला कर्मचारियों तथा सभी शाखाधिकारियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *