व्हाट्सएप से जुड़ने को लेकर क्लीक करें
अमन की दुआ के साथ ईद की नमाज अदा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारी मुस्तैद
Doorbeen News Desk: आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द के माहौल में एखलास व एहतराम के साथ इस क्षेत्र में शनिवार को ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने इस ईद पर सामूहिक रूप से मिल-जुलकर इबादत की। ईद-उल-फित्र के मौके पर मुसलमान भाईयों ने खोशू व खोजू के साथ नूरानी माहौल में ईदगाहों व मस्जिदों में ईद-उल-फित्र की सामूहिक नमाज अदा करते हुए खुदा का शुक्र अदा किया।

इस अवसर पर बच्चे से बूढ़े तक सभी नये कपड़े व रंगबिरंगी टोपियों में सजे हुए अपने गांव की ईदगाह में नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी। समीरा सुन्नी जामा मस्जिद परशुराम गांव के मौलाना मोहम्मद मुराद साहब के नेतृत्व में लोगों ने विश्व शांति, आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द के लिए सामूहिक दुआ की। ईद-उल-फित्र की नमाज पूरे खोशू व खोजू के साथ शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत समीरा सुन्नी जामा मस्जिद परशुराम, बल्लीपुर, रहटौली, हबका, गीदारगंज, पूरा एवं रामभद्रपुर सहित अन्य मस्जिदों में अदा की गई।

इस अवसर पर नमाजियों की काफी भीड़ देखी गई। कई गांव की ईदगाह व मस्जिदें नमाजियों की भीड़ के सामने छोटी पड़ गई। नमाज के बाद सामूहिक रूप से खैर व आफियत, अपने गुनाहों से माफी, जहन्नुम से बचाव तथा आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द तथा विश्व शांति के लिए सामूहिक दुआ की गई। नमाज अदा करने के बाद मोहम्मद आजम, डॉ शकील अहमद, मोहम्मद तबरेज, मोहम्मद मंसूर, मोहम्मद करमान, मोहम्मद एजाजुल, रजाई मियां, मोहम्मद वकील, मोहम्मद जाहिद, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद सोनू, मोहम्मद चांद सहित अन्य लोगों ने मिलकर क्षेत्र के हिन्दू भाईयों के गले मिलकर ईद की बधाई दी।

ईद के अवसर पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इस अवसर पर बीडीओ आलोक कुमार सिंह, हथौड़ी थानाध्यक्ष मौसम, शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, अपर थाना अध्यक्ष मुखराम सिंह, प्रवीण कुमार, मुकेश कुमार सिंह, विनोद कुमार सिंह राजेश कुमार, शैलेश कुमार, मुकेश कुमार आदि थे सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी शांतिपूर्ण ढंग से ईद पर्व को संपन्न कराने के लिए मुस्तैद दिखे।







