व्हाट्सएप से जुड़े, यहां क्लीक करें
शिवाजीनगर थाना परिसर में 2367 लीटर देसी व विदेशी शराब का विनष्टीकरण, जेसीबी क्रेशर से किया गया नष्ट
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर थाना क्षेत्र में जब्त की गई अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को थाना परिसर में बड़े पैमाने पर शराब का विनष्टीकरण किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में कुल 25 कांडों में जब्त देसी व विदेशी शराब को नष्ट किया गया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पूरी प्रक्रिया दंडाधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुई।

जानकारी के अनुसार शिवाजीनगर थाना परिसर में आयोजित विनष्टीकरण प्रक्रिया में कुल 2367 लीटर शराब नष्ट की गई। इसमें 459 लीटर देसी शराब तथा 1908 लीटर विदेशी शराब शामिल थी। जब्त शराब को एक सुरक्षित एवं सुसज्जित स्थान पर ले जाकर जेसीबी क्रेशर मशीन की मदद से नष्ट किया गया, ताकि उसका दोबारा किसी भी प्रकार से उपयोग न हो सके। इस कार्रवाई के दौरान शिवाजीनगर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार के साथ दंडाधिकारी के रूप में बीडीओ आलोक कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं रोसड़ा उत्पाद विभाग के एएसआई विजय पासवान भी मौके पर मौजूद थे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।

अधिकारियों ने बताया कि यह शराब अलग अलग समय पर थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान बरामद की गई थी, जिन्हें न्यायालय के आदेश के बाद विनष्टीकरण किया गया।
थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान जारी रहेगा और जो भी व्यक्ति इस धंधे में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विनष्टीकरण के दौरान अपर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार, एसआई मुकेश कुमार सिंह, एएसआई राजेश कुमार, शैलेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि शराबबंदी कानून का पालन करें और अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।







