आयुक्त की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण हेतु समीक्षात्मक बैठक आयोजित

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

आयुक्त की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण हेतु समीक्षात्मक बैठक आयोजित

Doorbeen News Desk :-आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा  हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रमण्डलीय सभागार में राजस्व संग्रहण से संबंधित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में दरभंगा प्रमण्डल के अंतर्गत आने वाले तीनों जिलों के अधिकारियों ने भाग लिए।

बैठक में नीलाम पत्र वाद,परिवहन , मद्यनिषेध एवं उत्पाद , खनन , वाणिज्य कर , राजस्व एवं भूमि सुधार तथा निबंधन विभाग द्वारा किए जा रहे राजस्व संग्रहण के कार्यों की विभागवार गहन समीक्षा की गई।
आयुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नीलाम पत्र वादों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों के जिला नीलाम पत्र पदाधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रत्येक जिले में 100-100 बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही राजस्व वसूली के लिए विशेष कैंप आयोजित करने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु प्रतिदिन न्यायालय संचालन (कोर्ट) करने का निर्देश दिया।

निबंधन विभाग की समीक्षा के क्रम में आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को अधिक से अधिक राजस्व संग्रहण करने तथा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया।
परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारियों को वाहनों की नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए दंड अधिरोपित करने तथा अवैध वाहन पार्किंग के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
खनन विभाग की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने बालू घाटों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मिट्टी कटाव हेतु जितनी मात्रा की अनुमति दी गई है, उतनी ही मात्रा में मिट्टी का उठाव किया जाए, इसे जिला खनन पदाधिकारी सख्ती से सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त ईंट-भट्ठों से संबंधित रॉयल्टी की वसूली तथा प्रदूषण जांच नियमित रूप से कराने का भी निर्देश दिया गया।
वाणिज्य कर विभाग को निर्देशित किया गया कि जिला स्तर पर प्रत्येक माह विशेष जांच अभियान चलाकर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जाए,ताकि कर संग्रहण में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठक करते रहने तथा बड़े प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
मद्यनिषेध विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने शराब संबंधी मामलों में जब्त वाहनों की समयबद्ध नीलामी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन के माध्यम से छापामारी अभियान चलाने की भी बात कही।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा के क्रम में आयुक्त ने अपर समाहर्ता (राजस्व) को भू-लगान की वसूली में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में आयुक्त के सचिव-सह-उप निदेशक (खाद्य) श्री सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी श्री आकाश ऐश्वर्य, संयुक्त आयुक्त-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार श्री मनोज कुमार सहित दरभंगा प्रमण्डल के तीनों जिलों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *