व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
कामेश्वर नगर धाम में 11 दिवसीय नाम कीर्तन नवाह सह महाअष्टयाम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, 16 फरवरी को होगा समापन
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत घिवाही पंचायत के कामेश्वर नगर धाम में शुक्रवार 6 फरवरी से 11 दिवसीय नाम कीर्तन नवाह सह महाअष्टयाम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान सोमवार 16 फरवरी को विधिवत समापन के साथ संपन्न होगा।
यज्ञ के आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल है। आयोजकों के अनुसार यह महायज्ञ महादेव, माता पार्वती, भगवान गणेश, भैरव बाबा, नदी देवी एवं भगवान कार्तिकेय के वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है।
इसी क्रम में नाम संकीर्तन एवं वैदिक अनुष्ठानों के माध्यम से क्षेत्र की सुख समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की जा रही है। महायज्ञ के प्रथम दिन शिव मंदिर परिसर से घिवाही घाट करेंह नदी तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

इस अवसर पर 51 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण करते हुए पवित्र जल भरकर यज्ञ मंडप तक यात्रा की। पूरे मार्ग में जय सियाराम, जय जय सियाराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। यज्ञ मंडप में पवित्र जल से भरे कलशों की स्थापना पंडित सूर्य नारायण झा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत रूप से कराई गई। यज्ञ के दौरान 11 दिनों तक 24 घंटे लगातार हवन कुंड में आहुति दी जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि इस महायज्ञ में हरिश्चंद्र शर्मा, रामखेलावन दास सहित कुल पांच मुख्य कलश यजमान के रूप में धार्मिक दायित्व निभा रहे हैं।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि सभी कलश व्रतियों द्वारा प्रतिदिन विधिवत कलश पूजा अर्चना की जाएगी। साथ ही प्रतिदिन नाम संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भजन कीर्तन के माध्यम से भगवान का स्मरण करेंगे।

विशेष आकर्षण के रूप में महाशिवरात्रि के दिन भाव रूप से भगवान शिव एवं माता पार्वती के विवाह का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर गांव में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
इस अवसर पर धार्मिक नाट्य, झांकी एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की संभावना है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा।
महायज्ञ को लेकर समस्त ग्रामवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
मौके पर पंचायत के मुखिया दुखा मुखिया, रमन जी मंडल, सिकंदर मंडल, संतोष मंडल, रामविलास, दिनेश मंडल, दशरथ, उमेश मंडल, राधेश्याम दास, अमरजी मंडल, धातु पवान, विनोद मंडल, दुखा मंडल, मदन कमती, अशोक, रोशन कमती, विकास कुमार, विपिन मंडल, रामनाथ ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद थे।
सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया और क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से सामाजिक समरसता मजबूत होती है और नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक व धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कामेश्वर नगर धाम में आयोजित यह महायज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक आध्यात्मिक उत्सव का रूप ले चुका है।






