शिवाजीनगर के करियन गांव में स्टेडियम निर्माण का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, विधायक ने सरकार से की मांग

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

शिवाजीनगर के करियन गांव में स्टेडियम निर्माण का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, विधायक ने सरकार से की मांग

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत करियन गांव में स्टेडियम निर्माण का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है। रोसड़ा के विधायक बीरेन्द्र कुमार ने विधानसभा सत्र के दौरान सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए करियन गांव में उपलब्ध लगभग 4 एकड़ सरकारी जमीन पर स्टेडियम निर्माण की मांग जोर शोर से उठाई।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में खेलकूद के लिए समुचित आधारभूत संरचना का अभाव है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में स्टेडियम का निर्माण न केवल युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करेगा, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर खेल संस्कृति को भी मजबूत करेगा।

विधायक बीरेन्द्र कुमार ने सदन में यह भी बताया कि शिवाजीनगर प्रखंड के दसौत पंचायत में वर्षों पूर्व कमलेश राय द्वारा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए लगभग 8 कट्ठा जमीन स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार को दान में दी गई थी। बावजूद इसके अब तक वहां भवन निर्माण नहीं हो सका है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि उक्त भूमि पर शीघ्र अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें। विधायक ने कहा कि करियन और दसौत के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य और खेल दोनों ही क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता है।

स्टेडियम बनने से जहां युवाओं को खेल प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और अभ्यास के लिए बेहतर मंच मिलेगा, वहीं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र की बड़ी आबादी को इलाज के लिए दूर दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस मुद्दे को विधानसभा में उठाए जाने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है।

दसौत पंचायत के मुखिया नटवर राय, करियन पंचायत के मुखिया संजीव कुमार पासवान, भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, ललित कुमार झा, सरोज कुमार, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, नवीन कुमार सिंह, माधव झा, शंभू झा, सरवन झा, महेंद्र नारायण चौधरी, कैलाश पंडित, मणि शंकर सिन्हा, शिव शंकर सिन्हा, किरण बेदी झा, नंदकुमार सिंह सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने विधायक बीरेन्द्र कुमार को इस पहल के लिए बधाई दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्टेडियम और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हो जाता है तो इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को समय पर इलाज मिल सकेगा। अब क्षेत्रवासियों को सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय और शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *