व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
इंटर परीक्षा दो फरवरी से, आधा घंटा पहले बंद हो जाएगा केंद्र का मुख्य गेट
Doorbeen News Desk: राज्यभर में इंटरमीडिएट की परीक्षा दो फरवरी से 13 फरवरी तक होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
राज्यभर में 1,762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 6,75,844 छात्राएं और 6,42,002 छात्र शामिल होंगे। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रवेश प्रारंभ हो जाएगा, जबकि आधा घंटा पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने शुक्रवार को बताया कि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पहली पाली में सुबह 9:30 बजे परीक्षा आरंभ होने से पहले 9:00 बजे गेट बंद होंगे। वहीं दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे की परीक्षा के लिए 1:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे। देर से पहुंचने वाले किसी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए समिति ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई है। परीक्षा केंद्रों पर दो स्तर पर जांच होगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रति 500 परीक्षार्थी पर वीडियोग्राफर तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण-मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन आदि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अवैध प्रवेश पर कार्रवाई:मुख्य द्वार बंद होने के बाद जबरन या अवैध रूप से प्रवेश करने पर आपराधिक कृत्य माना जाएगा। संबंधित परीक्षार्थी को दो वर्षों के लिए निष्कासन और प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई होगी। सहयोग करने वाले केंद्राधीक्षकों या कर्मियों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।






