व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
आरोप : मुखिया ने पंचायत सचिव की गर्दन पकड़कर जान से मारने का किया प्रयास ! FIR
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के रोसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राज भिरहा दक्षिण के पंचायत सचिव ने पंचायत के मुखिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में पंचायत सचिव विकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि पंचायत सरकार भवन में आयोजित बैठक में उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी दी गई । सरकारी दस्तावेज को क्षतिग्रस्त कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई।


पंचायत सचिव ने कहा है कि बीते 23 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब दो बजे पंचायत सरकार भवन में मुखिया, वार्ड सदस्यों एवं स्वच्छता कर्मियों के साथ बैठक चल रही थी। बैठक में स्वच्छताकर्मियों के 19 माह के बकाया मानदेय भुगतान पर चर्चा हो रही थी। इसी क्रम में मुखिया द्वारा योजना खोलने की बात कही गई, जिस पर पंचायत सचिव ने स्पष्ट किया कि पहले मानदेय भुगतान होगा, उसके बाद ही योजना खोली जाएगी।


आवेदन में आरोप लगाया है कि इसी बात को लेकर मुखिया ओमप्रकाश महतो उग्र हो गए और जातिसूचक गालियां देते हुए पंचायत सचिव की गर्दन पकड़कर जान से मारने की नीयत से दबाने लगे। साथ ही यह धमकी दी गई कि उनके कहे अनुसार काम नहीं करने पर जान से मरवा दिया जाएगा। इंस्पेक्टर लालबाबू कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।






