विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सील किए गए बॉर्डर, चेक पोस्ट पर अर्धसैनिक बल 24 घंटे मुस्तैद

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सील किए गए बॉर्डर, चेक पोस्ट पर अर्धसैनिक बल 24 घंटे मुस्तैद

Doorbeen News Desk: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दो प्रमुख चेक पोस्टों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के सरहिला और हथौड़ी थाना क्षेत्र के गलगल चौक पर अर्धसैनिक बलों की 24 घंटे तैनाती कर दी गई है।

दोनों स्थानों को विशेष निगरानी की जा रही है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। प्रखंड क्षेत्र की सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया गया है ताकि बाहरी तत्वों की आवाजाही पर पूर्ण नियंत्रण रखा जा सके। दोनों चेक पोस्ट पर अर्धसैनिक बलों के साथ स्थानीय पुलिस बल भी सक्रिय भूमिका में हैं। आने-जाने वाले हर वाहन और व्यक्ति की गहन तलाशी ली जा रही है।

यह तलाशी अभियान 24 घंटे जारी रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या शरारती तत्वों की घुसपैठ पर नकेल कसी जा सके। शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार और हथौड़ी थाना अध्यक्ष मौसम ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और वरीय अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है।

प्रखंड क्षेत्र में अमन और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार गश्ती की जा रही है। थाना स्तर पर चौकसी बढ़ा दी गई है और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। चुनाव से पहले माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन हर संभव कदम उठा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चेक पोस्ट पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है। शिवाजीनगर प्रखंड में भी इसी क्रम में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।