शिवाजीनगर प्रखंड के पश्चिमी मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक, एनडीए सरकार बनाने का लिया संकल्प

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

शिवाजीनगर प्रखंड के पश्चिमी मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक, एनडीए सरकार बनाने का लिया संकल्प

Doorbeen News Desk: विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शिवाजीनगर प्रखंड के पश्चिमी मंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार बबली ने की। कार्यक्रम में एनडीए के पक्ष में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पुन एनडीए सरकार बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री भीम साहू, जिला महामंत्री सुनील राय एवं नीरज चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक मिथिला रीति-रिवाज के अनुसार की गई, जिसमें अतिथियों को पाग, चादर व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जो प्रगति हुई है, उसे जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष गुंजन सिंह, विधानसभा आईटी सेल सह मीडिया संयोजक नवीन कुमार सिंह, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष माधव झा, शंभु झा, कैलाश पंडित, मंडल युवा मोर्चा उपाध्यक्ष शिव शंकर सिन्हा, जिला महिला मोर्चा मंत्री नीतू देवी, मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलम देवी, मंडल किसान मोर्चा अध्यक्ष रमाकांत सिंह, श्रवण झा, दिनेश कुमार, मंडल आईटी सेल सह मीडिया प्रभारी गोपाल किशोर सिंह, गंगा प्रसाद सिंह, राकेश, रमन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने, साथ ही विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने की रणनीति पर भी विचार किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर पंचायत, हर गांव और हर टोला तक पहुंचकर एनडीए की जनहितकारी नीतियों को लोगों के सामने रखें।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। बैठक को आगामी चुनाव की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।