व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
सहकारी बैंक ने पर्सनल लोन 15 लाख बढ़ाने का लिया निर्णय
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की ऋण नीति समिति की बैठक शनिवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार राय ने की। बैठक में बैंक के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गुप्ता द्वारा बैंक के ऋण निति में आज के बाजार के हिसाब से बदलाव के लिए प्रस्ताव दिया गया। समिति द्वारा बैंक में पूर्व से दिए जा रहे व्यक्तिगत ऋण के निर्धारित लिमिट को बढ़ा कर ₹15 लाख तक किये जाने, नए ग्राहकों को सस्ते दर पर वाहन ऋण उपलब्ध कराये जाने एवं दुग्ध उत्पादक समिति के माध्यम से ऋण वितरण का निर्णय लिया गया।
साथ ही विभिन्न ऋण योजनाओं पर ब्याज दरों का निर्धारण किया गया, जिससे ग्राहकों को अधिक सुविधा मिल सकेगी। बैठक में जिले के सहकारी समितियो के डीएमए “सहकार सारथी” के रूप में विकसित करने की योजना का अनुमोदन समिति द्वारा किया गया। समिति ने यह निर्णय लिया कि प्रथमतः चरण में जिले की 30 प्राथमिक कृषि साख समितियों को सहकार सारथी के रूप में विकसित किया जाएगा।

इसके अंतर्गत पैक्स को आधुनिक बैंकिग सुविधाओं से जोडकर ग्रामीण क्षेत्र में वित्तीय सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों सुनील कुमार, राम कुमार झा, अंजु देवी, श्याम सुन्दर प्रसाद ने इन निर्णयों का स्वागत किया और आशा व्यक्त की कि इन पहलों से जिला सहकारी बैंक के ग्राहक अधिक लाभान्वित होंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच और सुदृढ़ होगी।

बैठक में जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड अभिनव कृष्ण द्वारा योजना का स्वागत किया गया एवं आशा व्यक्त किया की इस योजना से जिले के सहकारी समितियों के माध्यम से सहकारित बैंक का विकास होगा। बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार राय द्वारा सभी सदस्यों को बताया गया कि सहकार सारथी के अतर्गत पैक्सों को मिनी-ब्रांच के रूप में विकसित किया जाएगा। जो बैंकिंग सेवाएँ- खाता खोलना, ऋण वसूली एवं प्रोसेसिंग, माइक्रो-एटीएम लेन-देन, दैनिक जमा योजनाओं का संचालन आदि स्थानीय स्तर पर प्रदान करेगी।
जिससे न सिर्फ बैंक बल्कि पैक्सों का भी सर्वांगीण विकास सम्भव हो सकेगा। डीएमए द्वारा प्रत्येक सेवा के लिए बैंक से कमीशन प्राप्त किया जाएगा, जिससे ग्रामीण बैंकिंग सेवाओं का भली-भांति प्रसार सुनिश्चित हो सकेगा। साथ ही पैक्सों को भी एक निश्चित आय प्राप्त होगा साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी सहकारी बैंक योजनाओं को प्रदान कर सकेगा।






