व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
सोनपुर मंडल में अगस्त माह में टिकट चेकिंग से ₹3.83 करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त
Doorbeen News Desk: पूर्व मध्य रेलवे, सोनपुर मंडल में अगस्त माह के दौरान टिकट चेकिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई। इस अवधि में मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में चलाए गए विशेष एवं सघन टिकट चेकिंग अभियान के अंतर्गत कुल 56,708 मामलों में कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप रेलवे को ₹3,83,78,134/- का राजस्व प्राप्त हुआ।


यह सफलता वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा वाणिज्य विभाग की टिकट चेकिंग टीम के निरंतर परिश्रम का परिणाम है। नियमित रूप से चलाए जा रहे इन अभियानों से न केवल रेलवे को अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति होती है, बल्कि बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी प्रभावी अंकुश लगता है।


सोनपुर मंडल में टिकट चेकिंग की कार्रवाई सतत रूप से जारी है। यात्रियों को जागरूक करते हुए रेलवे प्रशासन यह अपील करता है कि सभी यात्री हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके तथा रेलवे सेवाओं की सुचारु व्यवस्था में सहयोग सुनिश्चित हो सके।






