व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
समस्तीपुर मंडल द्वारा टिकट जांच से वित्तीय वर्ष 2025-26 में जून तक ₹16.38 करोड़ के राजस्व की प्राप्ति
दूरबीन न्यूज डेस्क। महाप्रबंधक,पूर्व मध्य रेल छत्रसाल सिंह एवं प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, पूमरे के आदेश तथा मंडल रेल प्रबंधक एवं वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, समस्तीपुर के दिशा निर्देशन में समस्तीपुर मंडल में नियमित टिकट जाँच के अलावे विशेष टिकट जाँच अभियान लगातार चलाये जा रहे हैं।


मंडल में अप्रैल/2025 से जून/2025 तक नियमित टिकट जाँच के अतिरिक्त 59 स्पॉट चेक, 85 किलाबंदी जाँच, 26 मेगा चेक, 19 लालगाड़ी, 08 मजिस्ट्रेट जाँच तथा 07 बस रेड अभियान चलाये गये।
मंडल के द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रारंभ से अब तक (01 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025) टिकट जांच के माध्यम से 2.24 लाख बिना टिकट/अनियमित टिकट यात्रा के मामले पकड़े गए जिनसे जुर्माने के रूप में ₹16.38 करोड़ की उल्लेखनीय राजस्व प्राप्ति की गई है, जो टिकटिंग व्यवस्था के प्रति मंडल की सजगता और सतत निगरानी का परिणाम है।

विशेष रूप से, जून,2025 माह में मंडल द्वारा मेगा टिकट जांच अभियानों जैसे 18 स्पॉट चेक, 26 किलाबंदी जाँच, 08 मेगा चेक, 05 लालगाड़ी तथा 01 मजिस्ट्रेट जाँच अभियान के अंतर्गत बगैर टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई ।
इस के दौरान *94660 बिना टिकट/अनियमित टिकट के मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹7.20 करोड़ का राजस्व* अर्जित किया गया।
जून/25 माह में सर्वाधिक आय देने वाले दो चल टिकट निरीक्षक श्री टुनटुन राय, टीटीआई टाइगर स्क्वाड/समस्तीपुर(1267 केस एवं आय ₹970470/-) तथा श्री मनोज कुमार, टीटीआई, आईसीपी/बापूधाम मोतिहारी(710 केस एवं आय ₹500405/-) को मंडल द्वारा पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है।
यह उपलब्धि मंडल के वाणिज्य विभाग एवं टिकट जांच कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों का प्रमाण है। रेल प्रशासन सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल यात्रा से पूर्व उचित एवं वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें।
बिना टिकट यात्रा करना न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि यह अन्य नियमपूर्वक यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ भी अन्याय है। बिना टिकट यात्रा पर रेलवे द्वारा निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे द्वारा सभी यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की जाती है ताकि यात्रा व्यवस्था सुचारू, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनी रहे। यह अभियान अभी आगे भी लगातार चलता रहेगा।







