व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस पर वॉकथन एवं पंपलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन
दूरबीन न्यूज डेस्क। अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस (International Level Crossing Awareness Day – ILCAD 2025) के उपलक्ष्य में पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल के संरक्षा विभाग के द्वारा एक विशेष वॉकथन (पदयात्रा) एवं पंपलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक, श्री विवेक भूषण सूद द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सोनपुर मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), स्काउट्स एवं गाइड्स तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। वॉकथन की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से हुई और यह रेलवे स्टेशन, आसपास के रेलवे कॉलोनी एवं मुख्य लेवल क्रॉसिंग तक आयोजित की गई।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को मानव- संचालित व ऑटोमैटिक लेवल क्रॉसिंग पर सावधानी बरतने, रेलवे नियमों का पालन करने, और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए जागरूक करना था।

वॉकथन के दौरान रेलवे सुरक्षा से जुड़े सूचना-पत्र (पंपलेट) वितरित किए गए जिनमें दर्शाया गया था कि कैसे एक छोटी सी असावधानी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। साथ ही, लोगों से अपील की गई कि वे फाटक बंद होने की स्थिति में रेलवे ट्रैक पार न करें एवं ट्रैफिक नियमों का पूर्ण पालन करें।
श्री विवेक भूषण सूद मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि “ILCAD जैसे अंतर्राष्ट्रीय अभियान यह संदेश देते हैं कि रेलवे की सुरक्षा सिर्फ कर्मचारियों की नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हमें लेवल क्रॉसिंग पर विशेष सतर्कता रखनी चाहिए जिससे हम दुर्घटनाओं को शून्य तक ला सकें।”


संपूर्ण सहभागिता और संदेश : यह कार्यक्रम संरक्षा विभाग के कुशल समन्वय एवं जन सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इससे यात्रियों, ग्रामीणों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं में रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी और यह संदेश गया कि “सावधानी ही सुरक्षा है।”
कार्यक्रम का समापन मंडल रेल प्रबंधक महोदय द्वारा सुरक्षा शपथ दिलाकर एवं सभी सहभागियों को धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।






