एसडीएम ने की जिला मोटर व्यवसायी संघ के साथ बैठक, वार्ता के बाद एसएफएसी का उठाव कार्य जारी रखने का निर्णय, एक जून से होना था हड़ताल

व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

एसडीएम ने की जिला मोटर व्यवसायी संघ के साथ बैठक, वार्ता के बाद एसएफएसी का उठाव कार्य जारी रखने का निर्णय, एक जून से होना था हड़ताल

दूरबीन न्यूज डेस्क। समस्तीपुर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार की अध्यक्षता में जिला मोटर व्यावसायी संघ के प्रतिनिधियों की एक बैठक अनुमंडल कार्यालय समस्तीपुर में संपन्न हुई। बैठक में जिला मोटर व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों द्वारा एस एफ सी में चलने वाली ट्रकों का बकाया पिछले 6 महीने से भुगतान नहीं होने के कारण उनके द्वारा घोषित 1 जून से एस एफ सी के उठाव का बहिष्कार करने की बात कही गई।

जिला मोटर व्यवसायी संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 6 महीने से एस एफ सी के अभिकर्ताओं द्वारा सरकारी खाद्यान्न उठाव में चलने वाली ट्रकों के माल भाड़े का भुगतान नहीं किया गया है। जिसके कारण ट्रक मालिक एवं चालकों के बीच भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। ऐसी स्थिति में ट्रक मालिक अगले 1 जून से सरकारी खाद्यान्न के उठाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।

अध्यक्ष श्री सिंह ने बकाए का शीघ्र भुगतान की मांग की। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार द्वारा संघ की मांग पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए इसे अपने स्तर से इसका निदान निकलने का आश्वासन दिया साथ ही सरकारी खाद्यान्न के उठाव को जारी रखने की बात कही । बैठक में उपस्थिति बी एस एफ सी के जिला प्रबंधक पंकज कुमार को अनुमंडल पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस समस्या से संबंधित बातों पर संज्ञान लेते हुए अविलंब इस दिशा में आवश्यक कारवाई करें।

अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा शीघ्र भुगतान का आश्वासन देने के उपरांत जिला मोटर व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों ने उनके आश्वासन का सम्मान करते हुए सरकारी खाद्यान्न का उठाव जारी रखने का भरोसा दिया।
बैठक में जिला मोटर व्यवसायी संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन एवं सचिव राजबाला राय भी उपस्थित थे।