दूरबीन न्यूज डेस्क। शिक्षक की गोली मार हत्या से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, मदुदाबाद में हाजीपुर बछवाड़ा एनएच 122 बी पर आवागमन शव रख ठप किया आवागमन। बिहार में समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर के टांरा गांव निवासी शिक्षक की पटोरी प्रखंड के दरबा में गोली मारकर हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों व शिक्षको ने बुधवार को सड़क जाम कर आवागमन बाधित किया। उन्होंने हाजीपुर-बछवाड़ा एनएच 122 बी पर मदुदाबाद मुख्य चौराहा पर घंटे से अधिक देर तक वाहनों का परिचालन ठप रखा। सभी सड़क पर टायर जला प्रशासन के विरोध में रोषपूर्ण नारे लगा रहे थे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर दर्जनों छोटी बड़ी वाहन खड़ी रही।


ग्रामीणों ने सड़क को इस कदर अवरुद्ध रखा था कि किसी बाइक के भी निकलने की कोई गुंजाइश नहीं थी। जामस्थल पर सैंकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीण व शिक्षकों ने रोड लकड़ी व टायर जलाकर सरकार व प्रशासन के विरुद्ध नारे लगा रहे थे। वे मृतक के परिजन को मुआवजा देने व सुरक्षा की मांग कर रहे थे। मोहिउद्दीननगर प्रखंड प्रमुख जवाहर राय, सीपीएम के प्रांतीय नेता मनोज प्रसाद सुनील, जन सुराज नेता राजकपूर सिंह, शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह भी जाम करने वाले लोगों में शामिल थे।


प्रमुख का कहना था कि शिक्षकों का सम्मान व सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। जाम की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद पुलिस बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे और लोगों को हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया। उन्होंने लोगो को बताया कि एसपी ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल स्तर पर पुलिस की टीम गठित की है।


दो डीएसपी के नेतृत्व में टीम हत्या के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी होगी। उसके बाद सड़क जाम कर रहे लोग शांत हुए और जाम हटाया। विदित हो कि कल्याणपुर बस्ती पश्चिम पंचायत के टांरा निवासी डॉ आनंदु दास के 26 वर्षीय शिक्षक पुत्र चितरंजन कुमार की पटोरी के दरबा चौर में केवलस्थान के समीप अपराधियों ने मंगलवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी थी।








