Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

मोदी 3.0 में बिहार से बनाए गए आठ मंत्री, समस्तीपुर के हैं तीन

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

दूरबीन न्यूज डेस्क। मोदी 3.0 में बिहार से बनाए गए आठ मंत्री, समस्तीपुर के हैं तीन। मोदी-3.0 में इस बार बिहार से आठ मंत्री बनाए गए हैं। इनमें तीन समस्तीपुर से है। इन मंत्रियों में चार कैबिनेट और चार राज्यमंत्री हैं।

भाजपा कोटे से चार तो एनडीए के प्रमुख घटक दलों जदयू से दो और हम व लोजपा-आर से एक-एक मंत्री शामिल किए गए हैं। गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय को छोड़ बाकी सभी छह नए चेहरे हैं। इन्हें पहली बार मोदी कैबिनेट में जगह मिली है।

मंत्रियों में एनडीए ने अपने कोर वोटर और सामाजिक समीकरण का पूरा ख्याल रखा गया है। आठ मंत्रियों में सवर्ण कोटे से तीन, पिछड़ा से एक, अतिपिछड़ा दो और दलित दो हैं।

सवर्ण मंत्रियों में भूमिहार समाज से दो में जदयू के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और भाजपा से गिरिराज सिंह शामिल हैं।

जबकि, ब्राह्मण चेहरे के रूप में भाजपा के राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दूबे को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। पिछड़ा वर्ग से नित्यानंद राय यादव जाति से हैं।

वहीं, अतिपिछड़ा वर्ग से जदयू के रामनाथ ठाकुर और भाजपा के डॉ राजभूषण चौधरी निषाद को मंत्री बनाया गया है। रामनाथ ठाकुर भारत रत्न से सम्मानित कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं।

राजभूषण चौधरी को मंत्री बनाने के पीछे निषाद समाज को साधने की रणनीति है। खासकर वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी की काट के रूप में भाजपा ने यह बड़ा दांव खेला है। राजभूषण कभी मुकेश सहनी के करीबी थे। वहीं, दलित कोटे से हम संरक्षक जीतन राम मांझी और लोजपा-आर सुप्रीमो चिराग पासवान को मंत्री बनाया गया है।

नित्यानंद राय समस्तीपुर जिले के उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार सांसद के रूप में चुने गए हैं। वहीं रामनाथ ठाकुर राज्यसभा सांसद हैं जो भारतरत्न कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं। वहीं मुजफ्फरपुर से चुने गए सांसद राजभूषण चौधरी का पैतृक आवास समस्तीपुर जिले के रोसरा में स्थित है।

मोदी ने लगातार तीसरी बार ली पीएम पद की शपथ, 30 कैबिनेट सहित 72 मंत्री शामिल