समस्तीपुर। समस्तीपुर शहर के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए चार युवकों को हथियार एवं जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। नगर थाना पर प्रेसवार्ता करते हुए एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि काशीपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास सामने गली में चार लड़क के हथियार के साथ पहुंचने की सूचना पुलिस को मिली। गश्ती दल ने छापेमारी करते हुए दो को खदेड़ कर पकड़ लिया।


गिरफ्तार युवकों में सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर युसुफ के रवि राज एवं मुफस्सिल थाना के रहिमपुर रुदौली के शिवम यादव शामिल हैं। इसके पास से तीन जिंदा कारतूस एवं दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जबकि फरार दो बदमाशों की पहचान कर ली गयी है। एएसपी ने बताया कि बैंक की रेकी करने सभी पहुंचे थे, इसी दौरान पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया।



इधर, दूसरी ओर नगर थाना मगदरही केंद्रीय विद्यालय के पास किसी घटना को अंजाम देने की योजना बनाने की सूचना पर ईआरभी की टीम ने छापेमारी कर दो युवक को पकड़ा गया। पकड़े गए युवकों में दलसिंसहराय थाना के जायजपट्टी के बादल कुमार एवं बेगूसराय जिला के बछवाड़ा थाना के रुदौली के आयुष कुमार शामिल है। जांच के दौरान इन लोगों के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। एएसपी ने बताया कि उक्त दोनों मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पूछताछ के बाद चारों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। (samastipur police)







