
यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर शहर के गरुआरा चौर में पूसा जाने वाली सड़क किनारे मिले युवक के लाश की पहचान होने के साथ ही घटना में नया मोड़ आ गया। जिसके बाद अब परिवार वाले ने हत्या की आशंका जताते हुए हत्या करने के बाद युवक के शव को यहां फेंकने की बात कही है। मृतक की पहचान चकमेहसी थाना क्षेत्र के सोमनाहा वार्ड संख्या एक के राजाराम महतो के 32 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रुप में की गयी है। जिसके बाद मुफस्सिल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

बतादें कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के समस्तीपुर पूसा रोड स्थित गरुआरा चौर में शुक्रवार की दोपहर एक युवक की लाश मिली। युवक की लाश मिलने की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ पहुंच गयी। जिसके बाद शव की पहचान छोटू कुमार के रुप में की गयी। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मुफस्सिल पुलिस को दी। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया जाता है कि छोटू की पत्नी कुछ दिन पूर्व उसे छोड़ दी थी। जिसके बाद वह दो दिन पूर्व बुधवार की रात में थानेश्वर मंदिर में दूसरी शादी रचा ली। जिसकी सूचना पर छोटू मंदिर पहुंच कर हंगामा भी किया। जिसके बाद नगर पुलिस ने युवती, उसके पति एवं शादी को पहुंचे युवक से पूछताछ करने के बाद सभी को छोड़ दिया। सभी बालिग थे। जिसके बाद छोटू घर नहीं गया और शुक्रवार की दोपहर उसकी लाश सड़क किनारे झाड़ी में मिली।

छोटू के चाचा मुकेश पटेल एवं बड़ा भाई चंदन कुमार ने बताया कि छोटू की शादी वारिसनगर के मटुआ में किया गया था। जिसके बाद इसकी पत्नी थानेश्वर मंदिर में बुधवार को शादी की सूचना पर विरोध किया गया। इसी आवेश में आकर छोटू की हत्या कर फेंक दिया गया। इधर, भाई चंदन कुमार ने हत्या का आरोप छोटू के ससुराल वाले पर लगाया है। चंदन ने कहा कि शव मिलने की सूचना पर वो लोग अस्पताल पहुंचे।

इधर, मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन अभी तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन या बयान नहीं दिए हैं। दिए गए आवेदन के आलोक में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों का पता चल पाएगा।
इधर, घटना स्थल से मिली जानकारी के अनुसार युवक के गला पर भी निशान है। जबकि उसके नाक से खून भी बह रहा था। इसको लेकर तरह-तरह की आशंका भी जतायी जा रही है। अब इस घटना के पीछे की सच्चाई का पता पुलिसिया जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा हो पाएगा।






