भागलपुर जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस में ब्लास्ट मामले में FSL की टीम ने लिया बारूद का सेंपल, ब्लास्ट मामले में पिता-पुत्र गिरफ्तार

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर रेलवे यार्ड में भागलपुर जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस में ब्लास्ट मामले की जांच तेज कर दी गयी है। घटना की सूचना पर मुजफ्फरपुर से पहुंची एफएसएल की टीम ने पुलिस के द्वारा जब्त किए गए अधजले बैग से सैंपल एकत्रित किया। इसके बाद एफएसएल की टीम ने रेलवे यार्ड में भी पहुंची और रेलवे ट्रैक पर गिरे बारूद सहित अन्य सामग्री को एकत्रित किया। वहीं दूसरी ओर बैग में बारुद ले जाने के आरोपी के विरुद्ध रेल थाना में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

रेल थाना के दारोगा बिरेंद्र मांझी के बयान पर रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जिसमें मधुबनी जिला के नरहिया ओपी के भपटियाही वार्ड संख्या एक के निवासी अरबिंद मंडल एवं उसके 14 वर्षीय नाबालिग पुत्र को आरोपित किया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गिरफ्तार पिता-पुत्र को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस संबंध में रेल डीएसपी नवीन कुमार ने बताया कि घटना के आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। एफएसएल की टीम के द्वारा जांच की गयी है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी है।


विस्फोटक व ज्वलनशील पदार्थ के साथ यात्रा है वर्जित:
ट्रेन में किसी भी प्रकार के ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थ के साथ यात्रा करना वर्जित है। इसकी जानकारी रेलवे के द्वारा कोच में भी प्रदर्शित की जाती है। इस संबंध में डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन में किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ एवं विस्फोटक सामग्री नहीं ले जानी है।

इसको लेकर यात्रियों को जागरुक भी किया जा रहा है। यात्रियों को भी अपनी जान अपने हाथ के तहत सतर्क व सजग होने की जरुरत है। ट्रेन में यात्रा करने से पहले यह तय कर लें की साथ में किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ साथ ना हो। इससे स्वयं के साथ-साथ दूसरे यात्रियों की भी सुरक्षा हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *