समस्तीपुर। बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ महिला उप समिति के बैनर तले स्वास्थ्य कर्मियों ने शनिवार को सीएस का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व महिला उप समिति की जिला संयोजिका मंजू कुमारी एवं महासंघ की संयोजिका मंजू कुमारी ने संयुक्त रुप से की। भारी बारिश के बावजूद महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने महासंघ स्थल से जुलूस निकाल कर सीएस कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।


साथ ही सीएस का घेराव करते हुए अपनी नौ सूत्री मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वक्तओं ने सीएस एवं उनके कार्यालय के कर्मियों की मनमानीपन रवैया पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। प्रदर्शन के बाद शिष्टमंडल ने सीएस से वार्ता की। जिसमें सभी नौ सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा की गयी। जिसके बाद सीएस डॉ. एसके चौधरी ने सभी मांगों पर नियमानुसार विचार व कार्रवाई करते हुए मुख्यालय भेजने का आश्वासन दिया।


वक्ताओं ने कहा कि मुख्य मांगों में एएनएम की नियुक्ति परीक्षा के बजाए प्राप्तांक के आधार पर करने, सभी संविदा, मानदेय एवं आउट सोर्स कर्मियों की सेवा नियमित करने, खाली पदों पर स्थायी नियुक्ति करने, सभी संविदा एवं आउटसोर्स पर कार्यरत महिला कर्मियों को दो दिन का प्राकृतिक अवकाश देने, एएनएम संवर्ग को जिला संवर्ग में करने सहित अन्य मांग शामिल है।


मौके पर लक्ष्मीकांत झा, राजीव रंजन, बिंदु कुमारी सिंह, रंजना कुमारी, अवलेश कुमारी, पूनम कर्ण, पूजा भारती, संजु कुमारी, मिनू कुमारी, अमित कुमार, राजीव कुमार झा, विमलेश चौधरी, निरंजन कुमार, दीपक कुमार, संजय भगत, ओम प्रकाश आदि थे।





