समस्तीपुर। समस्तीपुर शहर के रेलवे पुल घाट स्थित बुढ़ी गंडक नदी में स्नान करने के क्रम में एक युवक डूब गया। जिसकी सूचना मिलते हैं परिजनों में हरकंप मच गया। घटना की सूचना पर स्थानीय गोताखोर की मदद से लापता युवक को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इसकी सूचना समस्तीपुर सीओ एवं एसडीआरएफ टीम को भी दी गई। लेकिन विडंबना है की घटना के 5 घंटे बाद भी दिन की 12.30 बजे तक एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी। जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।


लापता युवक की पहचान समस्तीपुर नगर निगम के काशीपुर वार्ड 32 निवासी धर्मेंद्र राम के 19 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार बताया गया है। मिली जानकारी के अनुसार राहुल कुमार अपने एक दोस्त के साथ बूढ़ी गंडक के रेलवे पुल घाट पर स्नान करने गया था। स्नान करने के क्रम में रविवार की सुबह लगभग 8:00 बजे वह गहरे पानी में चला गया। जिसके बाद वह डूब गया। इसके बाद उसके दोस्त ने इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते मोहल्ले के सैकड़ो लोग घटना स्थल पर पहुंच गए।


इसके बाद स्थानीय गोताखोर की मदद से लापता युवक को खोजने का प्रयास शुरू किया गया। पूर्व पार्षद शैलेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना समस्तीपुर सीओ एवं एसडीआरएफ को भी दी गई है। लेकिन 5 घंटे के बाद भी टीम नहीं पहुंच पाई। सीओ साहब से बात करने पर बताया गया की टीम के वाहन में तेल नहीं है। इसे लेने के लिए गया है। शीघ्र ही गाड़ी पहुंची जाएगी।







