समस्तीपुर। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के द्वारा विभिन्न स्थानों पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समस्तीपुर सांसद एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती करने पर बल दिया। वहीं कार्यकर्ताओं ने स्थानीय समस्याओं के अलावे खानपुर थाना अध्यक्ष पर जातिवाद की राजनीति करने एवं अपराधियों को संरक्षण देने का भी गंभीर आरोप लगाया। इस पर सांसद ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी। एसपी से भी इसकी शिकायत की जाएगी। इस कड़ी में शिवाजीनगर मध्य विद्यालय में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रिंस राज ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव पर चर्चा की। इस क्रम में बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर बल दिया।


बैठक में सांसद ने कहा कि 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही बनेंगे। संवाद कार्यक्रम में राजीव रंजन उर्फ बिट्टू गुप्ता, जिला अध्यक्ष विनय चौधरी, प्रदेश युवा उपाध्यक्ष धीरज ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर मिश्रा, पूर्व विधायक विश्वनाथ पासवान, रालोजपा नेता राजा पासवान, युवा जिला अध्यक्ष शेखर पांडेय, ऋषि सिंह, जिला प्रधान महासचिव नीरज भारद्वाज, युवा नगर अध्यक्ष सुधीर हजारी, महिला जिला अध्यक्ष रीना सहनी, महिला दलित सेना जिला अध्यक्ष रीता पासवान, रालोजपा प्रखंड अध्यक्ष राम प्रसाद सिंह, गोपाल कुमार, बलराम सिंह, श्री पासवान, कमलदेव पासवान आदि उपस्थित थे।


दूसरी ओर खानपुर में भी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के खानपुर प्रखंड के कार्यकर्ताओं का संवाद कार्यक्रम हुआ। इसमें सांसद प्रिंस राज ने कार्यकर्ताओं से संगठन के मुद्दे पर विचार विमर्श किया। प्रारंभ में कार्यकर्ताओं ने सांसद का मिथिला परंपरा के अनुसार स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रालोजपा के खानपुर प्रखंड अध्यक्ष अरविंद पासवान ने की जबकि संचालन किसान सेल के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर राय ने किया। सांसद प्रिंस राज ने कहा कि कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रखंड के सभी सहयोगी कार्यकर्ता से रूबरू होने के साथ क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी लेना है।


कार्यक्रम में भाजपा के मंडल अध्यक्ष अजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि खानपुर थानाध्यक्ष अपराधियों को पनाह देते हैं। वहीं थाना में राजनीति के तहत जातिवाद किया जाता है। फरियाद के जाने वाले इंसानों को वहां से डांट फटकार कर भगा दिया जाता है। इस पर सांसद ने कहा कि उन्हें भी कई लोगों ने वारिसनगर एवं खानपुर थाना अध्यक्ष की शिकायत की है। वे जल्द ही इस मामले में एसपी से मिलेंगे। मौके पर महिला सेल की जिला उपाध्यक्ष बेबी देवी, युवा रालोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज ठाकुर,चंद्रशेखर पंडेय, शिवशंकर चौधरी, संजय झा, अजय कुशवाहा, रीना सहनी, रीता पासवान, मंजू देवी, श्यामपारी देवी आदि उपस्थित थे।





