बाइक सवार अपराधियों ने फाइनेंस कर्मी से 1.16 लाख रुपये लूट हुआ फरार, जांच में जुटी पुलिस

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना के मब्बी ढाला से सिहमा जाने वाली सड़क में भीम टोल खैरा के समीप बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर एक फाइनेंस कर्मी से 01 लाख 16 हजार रुपये लूट लिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ शिवम कुमार व थानाध्यक्ष प्रसुन्जय कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच फाइनेंस कर्मी से घटना की जानकारी लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में पीछा करने के साथ जगह-जगह छापेमारी भी की।

हालांकि बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका। सभी बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। एसडीपीओ व थानाध्यक्ष ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित राईस मिल की सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला। बताया जाता है कि बुधवार की देर शाम शहर के पांचूपुर स्थित क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड फाइनेंस कंपनी का एक कर्मी थाना क्षेत्र के चकमहुली से लोन की क़िस्त की वसूली कर लौट रहा था। उसी क्रम में दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोका।

फाइनेंस कर्मी जब तक कुछ समझ पाता तब तक बदमाशों ने उस पर पिस्तौल तान दी और उसकी बाइक की चाबी छीन ली। पिस्तौल के बल पर बदमाशों ने फाइनेंस कर्मी के सामने उसके बाइक की डिक्की खोली और रुपए वाला बैग निकाल फरार हो गए। बैग में एक टैब भी था, जिसे बदमाश ले गए।घटना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना अपने ब्रांच को दी और फिर ब्रांच ने थाना को जानकारी दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना में संलिप्त बदमाशों का हुलिया के आधार पर पहचान की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *