समस्तीपुर। आम आवाम की सुरक्षा के लिए अपने फर्ज के रास्ते पर चलते हुए अपराधी की गोली से शहीद थाना अध्यक्ष नंदकिशोर यादव की शहादत को नमन करते हुए पीड़ित परिवार के सहायतार्थ जिला मोटर व्यवसायी संघ अपने आरक्षी अधीक्षक विनय तिवारी के माध्यम से एक लाख रुपए की सहयोग राशि देगा। संघ कार्यालय में गुरुवार को जिला मोटर व्यवसायी संघ के कार्यकारिणी की बैठक संगठन के जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई।



जिसमें फर्ज के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद दरोगा नंदकिशोर यादव के बलिदान पर उन्हें नमन करते हुए ईश्वर से पीड़ित परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि संगठन अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए पीड़ित परिवार के लिए आपसी सहयोग से एक लाख रुपए की राशि आरक्षी अधीक्षक विनय तिवारी के माध्यम से भेजने का निर्णय लिया है।




संगठन के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने कहा कि ”सुरक्षित समस्तीपुर” के लिए अपना बलिदान देने वाले दरोगा को जिला हमेशा याद रखेगा। उन्होंने जिले के सभी संगठनों से पीड़ित परिवार को बढ़-चढ़कर मदद करने की अपील की। बैठक में संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, मनोज कुमार सिंह, बिट्टू सिंह , सुजीत राय, कुलानंद झा, वीर बहादुर राय, संतोष कुमार सिंह, विशाल गौरव, राजबाला राय, अमरजीत सिंह, रिंकू सिंह, विनय कुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।





