ओडिशा रेल हादसा : समस्तीपुर के सूरज है लापता, सूरज के माता- पिता हैं इलाजरत, समस्तीपुर जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर इंकमिंग सुविधा नहीं

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। ओडिशा के बालासोर में बाहानगा बाजार स्टेशन के पास शुक्रवार शाम को हुए भयानक तिहरे ट्रेन हादसे से पूरे देश के लोग स्तब्ध हैं। इस दुर्घटना में समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसेपुर वार्ड संख्या-13 का 21 वर्षीय सुरज कुमार अब तक लापता है। जबकि उसके पिता अजोधी पासवान व मां उषा देवी घायल है। जिसका इलाज उडीसा में चल रहा है। सबसे ताज्जुब की बात है की समस्तीपुर जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9470090940 पर इंकमिंग सुविधा ही नहीं है। इसके अलावा कल्याणपुर के ही मो. मेराज, मो. नाजिर, मो. रेयाज भी इस दुर्घटना में घायल है।

ओडिशा के बालासोर में हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना में बिहार के यात्रियों को आवश्यक मदद पहुंचाने के लिए अधिकारी बालासोर के लिये निकल चुके है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर चार अधिकारियों की एक टीम भेजी गई है जो रविवार को पहुंचेगी। टीम ओडिशा सरकार, रेलवे तथा बालासोर जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करेगी।

टीम में श्रम संसाधन निदेशक श्याम बिहारी मीणा, मुजफ्फरपुर के रेल एसपी डॉ. कुमार आशीष, आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी अविनाश कुमार व एसडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट शहरयार शामिल हैं। आपदा प्रबंधन सचिव संजय कुमार अग्रवाल इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इस भीषण रेल दुर्घटना में सुरक्षित बचे बिहार के यात्रियों को वापस लाने की कार्रवाई राज्य सरकार ने शुरू कर दी है।

इस क्रम में प्रथम बैच में राज्य के 40 यात्रियों को बस द्वारा बिहार वापस लाया जा रहा है। इसमें समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मो. मेराज, मो. नाजिर, मो. रेयाज शामिल हैं। वहीं अजोधी पासवान व उषा देवी उडीसा में ही है। उनका पुत्र सुरज कुमार अब भी लापता है।

बता दें कि शुक्रवार को ओडिशा के बालासोर में रेल हादसे में अब तक 288 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। जबकि 11 सौ से अधिक लोग घायल हैं। सभी लोगों का इलाज चल रहा है। यह घटना शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। इसमें बिहार के अलावा अन्य राज्य के लोगों की भी मौत हुई है।

इस घटना के बाद से बिहार में भी मातम पसरा हुआ है। इसी को देखते हुए समस्तीपुर जिला प्रशासन ने हेल्प लाइन नंबर जारी किया है, लेकिन उस नंबर पर इंकमिंग सुविधा ही नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *