यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के ताजपुर बंगरा थाना क्षेत्र के मुंदीपुर गांव में एक परिवार के लोगों ने मोबाइल विवाद में गांव के एक युवक को लाठी डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। सूचना पाकर बंगरा पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की जांच की। साथ ही मुखिया धर्मेंद्र कुमार के सहयोग से पीड़ित परिवार को समझा-बुझाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मृतक के शव को जब्त पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है।

मृतक मुंदीपुर गांव के नागेश्वर चौधरी का पुत्र छट्ठू चौधरी (35) बताया गया है। घटना को लेकर मृतक के पिता नागेश्वर चौधरी के द्वारा थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के हरेंद्र चौधरी, मनोज चौधरी (पुत्र) एवं हरेंद्र चौधरी के पत्नी को आरोपित किया गया है। जिसमें बताया गया है कि आरोपित लोगों ने उसके पुत्र छट्ठू चौधरी पर उसके एक रिश्तेदार का मोबाइल ले लेने का आरोप लगाया।

फिर एक पुलिया के पास ले जाकर विवाद कर लाठी डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। जानकारी मिलने पर घर के लोग ग्रामीणों की मदद से उसे घटनास्थल से युवक को उठाकर ताजपुर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि मोबाइल विवाद में मारपीट में मौत की घटना हुई है। थाना में आवेदन मिला है। मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपित परिवार के लोग घटना के बाद फरार हो गए हैं। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

उधर युवक की मौत से उसके घर में कोहराम मची हुई है। मृतक युवक ठेला पर घूम-घूमकर फुचका बेचकर गुजर-बसर करता था। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे बताए गए हैं। वही घटना को लेकर गांव के लोग भी सन्न हैं। महज छोटी से कारण में हुए विवाद के लिए इतनी बड़ी घटना हो गयी।







