गुवाहाटी से लौटने के दौरान डॉक्टर ने ट्रेन में ही छोड़ दिया मोबाइल व पैसा, समस्तीपुर RPF ने लौटाया, कहा- थैंक्स आरपीएफ

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। गुवाहाटी से कटिहार तक की यात्रा करने के दौरान एक डॉक्टर ने अपना स्मार्टफोन व रुपये से भरा पर्स ट्रेन में ही भूल कर नीचे उतर गए। ट्रेन खुलने के बाद अचानक उन्हें एहसास हुआ कि उनका रुपया और स्मार्टफोन ट्रेन में ही छूट गया। जिसके बाद वह काफी परेशान हो गए। फिर डॉक्टर ने रेल मदद की माध्यम से रेलवे को अपना पर्स व स्मार्टफोन छूटने की जानकारी दी। इसके बाद समस्तीपुर में आरपीएफ ने संबंधित ट्रेन के कोच में सर्च कर बर्थ पर पड़ा मोबाइल और पैसा डॉक्टर को लौटा दिया।

मिली जानकारी के अनुसार सहरसा निवासी डॉ. राजेश कुमार झा वर्तमान में गुवाहाटी में कार्यरत हैं। उन्होंने सात मई गुवाहाटी से कटिहार तक की यात्रा की थी। कटिहार में ट्रेन से उतरने के दौरान उन्होंने भूल से अपना स्मार्टफोन व पर्स बर्थ पर ही छोड़ दिया था।

जबतक उन्हें इन दोनों सामान की याद आयी तब तक ट्रेन खुल चुकी थी। इसके बाद डॉक्टर ने इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी। इसके बाद समस्तीपुर में आरपीएफ ने ट्रेन के संबंधित कोच की जांच करने के बाद बर्थ से स्मार्टफोन व पर्स बरामद किया। फिर डॉक्टर को इसकी सूचना दी।

समस्तीपुर आरपीएफ की सूचना के बाद डॉक्टर रविवार को समस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट पर पहुंचे। जिसके बाद आरपीएफ पोस्ट के अधिकारियों ने उनके पहचान पत्र के आधार पर जांच करने के बाद मोबाइल व पैसे उन्हें वापस कर दिया। ट्रेन में छुटे मोबाइल व पैसे को पाकर डॉक्टर काफी खुश नजर आ रहे थे। इसके लिए उन्होंने समस्तीपुर रेलवे एवं आरपीएफ टीम को काफी बधाई दी।

उन्होंने कहा कि समस्तीपुर आरपीएफ की मदद से ही उनका  स्मार्टफोन और पैसा वापस हो गया। स्मार्टफोन में कई ऐसी आवश्यक जानकारियां थी, जिसके खोने से उन्हें काफी परेशानी होती, लेकिन समस्तीपुर आरपीएफ ने उन्हें मोबाइल वापस कर उनकी खुशी को लौटा दी। इसके लिए उन्होंने कहा थैंक्स समस्तीपुर आरपीएफ, थैंक्स भारतीय रेल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *