यहां क्लीक कर दूरबीन व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
पटना। पटना जिले के आलमगंज थाना क्षेत्र के व्यवहार न्यायालय के पास बुधवार की देर रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गोलियों की आवाज से दुकान पर बैठे अन्य ग्राहक के बीच अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक इधर-उधर भागने लगे। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एनएमसीएच के इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है। मृतक की पहचान आलमगंज थाना क्षेत्र के गुड़ की मंडी स्थित अरफाबाद रीठी गली निवासी राजा कुमार के रूप में की गई है।

बताया जाता है कि वह पेंटर का काम करता था। बताया जाता है कि राजा कुमार अपने दोस्त श्रवण कुमार के साथ गुड़ की मंडी मुहल्ला से चाय पीकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पटना सिटी व्यवहार न्यायालय के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने राजा को गोली मार दी।

इससे उसकी मौत हो गई। हत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग में राजा की गोली मारकर हत्या की गई है। घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतक के परिजनों ने हत्या के कारणों को बताने में असमर्थता जताई है।

वहीं मृतक के पड़ोसी संजीव कुमार ने बताया कि गोली की आवाज सुनने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तो राजा कुमार को खून से लथपथ पाया। उन्होंने बताया कि आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल राजा को इलाज के लिए एनएमसीएच के सेंट्रल इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

मृतक राजा कुमार के दोस्त और घटना के प्रत्यक्षदर्शी श्रवण कुमार ने अज्ञात अपराधियों पर हत्या किए जाने की बात पुलिस को बताई है। मौके पर मौजूद आलमगंज थाना के अपर थानाध्यक्ष लालमुनि दुबे ने हत्या की पुष्टि करते हुए कहा है कि जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

पुलिस ने मृतक के दोस्त और घटना के प्रत्यक्षदर्शी श्रवण कुमार से पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।






