यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर ऐलॉथ गांव के पास जमीनी विवाद को लेकर आक्रोशित लोगों ने दरभंगा पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर घंटों हंगामा किया। इधर जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले को शांत कराकर जाम समाप्त करने में जुटी है।

सड़क जाम कर हंगामा कर रहे लोगों का आरोप है कि शहर के एक प्रसिद्ध चिकित्सक के द्वारा उनकी पुश्तैनी जमीन को गलत तरीके से लिखवा कर जबरन कब्जा किया जा रहा है। इसको लेकर इन लोगों के द्वारा स्थानीय पुलिस से लिखित शिकायत की गई है।

बावजूद पुलिस के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि चिकित्सक के सहयोगी जबरन आज जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।

हंगामा कर रहे लोग मौके पर डीएम और एसपी को बुलाने की मांग कर रहे हैं । सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है ।

सड़क जाम रहने के कारण जाम में फंसे सैकड़ों वाहन के यात्री काफी परेशान हैं। रात होने के कारण यात्रियों में डर का भी माहौल बना हुआ है। समाचार प्रेषण तक समस्तीपुर पटना मुख्य मार्ग पर जाम जारी था। जिसके कारण दोनों और सैकड़ों वाहन में फंसे हुए थे। हालांकि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने बुझाने में लगी थी, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे।
इधर, डॉक्टर पक्ष का कहना है कि जमीन वैध है। कुछ लोग जानकर परेशान करते हैं। इधर आक्रोशित लोगों ने निर्माणाधीन चहारदीवारी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना क्रम सीसीटीवी में कैद है। वही, सूत्र का कहना है कि कुछ लोग साजिश के तहत लोगो को भड़का कर आंदोलन का रूप देने रहे हैं।





