समस्तीपुर। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जागरूकता के लिए सारथी रथ को रवाना किया गया। सिविल सर्जन डॉ एसके चौधरी, डीएमओ डॉ विजय कुमार एवं डीपीएम ज्ञानेंद्र शेखर के द्वारा हरी झंडी दिखाकर सारथी रथ को रवाना किया गया। सीएस ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए लोगों को जागरूक करने एवं गली-गली योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए सारथी रथ को रवाना किया गया है। प्रखंड स्तर पर 13 मार्च से 25 मार्च तक सेवा सप्ताह पखवारा चल रहा है। जिसमें परिवार कल्याण बंध्याकरण ऑपरेशन महिला व अस्थायी संसाधन आदि सेवाएं सेवा प्रदाता के माध्यम से दी जा रही हैं। 21 तारीख को परिवार नियोजन दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडल अस्पताल, जिला अस्पताल एवं हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पर मनाया जाना है .इसमें गर्भवती माताओं से लेकर सभी योग्य दंपत्ति को परिवार नियोजन कार्यक्रम के संबंध में परामर्श दिया जाना है तथा गर्भनिरोधक सामग्री लेने हेतु इच्छुक दंपतियों को सामग्री वितरित की जानी है स्वास्थ्य केंद्र तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर दंपत्ति सम्मेलन का आयोजन भी किया जाना है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को परिवार नियोजन कार्यक्रम के बारे में जागरूक किया जा सके। मौके पर डीपीसी डॉ आदित्यनाथ झा, डीसीएम अनिता कुमारी, डीपीसी कंचन माला, डीएएम पंकज कुमार आदि थे।







