रोसड़ा जेल में बंदी के पास मिला मोबाइल, सुरक्षा पर उठा सवाल

समस्तीपुर। रोसड़ा जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। जेल की चाक चौबंद व्यवस्था के बावजूद जेल के अंदर मोबाइल, गांजा आदि सामान बंदियों के वार्ड तक पहुंच जा रहा है। जिसके कारण जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। मिली जानकारी के अनुसार रोसड़ा जेल प्रशासन ने जेल के एक बंदी के पास से मोबाइल बरामद किया। मोबाइल मिलने के बाद जेल के प्रभारी उपाधीक्षक आशीर्वाद कुमार ने रोसड़ा थाना में बंदी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी है। मिली जानकारी के अनुसार बंदी कक्ष में भ्रमण के दौरान शक के आधार पर जेल के प्रभारी उपाधीक्षक द्वारा बंदी मुकेश कुमार उर्फ हिटलर की तालाशी ली गयी, इस दौरान उसके जेब से एक मोबाइल सेट बरामद किया गया। हिटलर खगड़िया जिला का रहने वाला है। इस मामले में रोसड़ा थानाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। बताया जाता है कि इससे पूर्व भी रोसड़ा जेल में हिटलर के पास से गांजा मिला था। उस मामले में भी प्राथमिकी दर्ज की गयी थी, लेकिन गांजा कैसे पहुंचा, इसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया। जेल में कभी गांजा, कभी मोबाइल का पहुंचना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। यह महज संयोग है कि जांच के दौरान इसका खुलासा हुआ। अब यह जांच का विषय है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद जेल में मोबाइल व गांजा कैसे पहुंच रहा है, जबकि रोसड़ा उपकारा में पूर्व विधायक सहित कई वीआईपी भी बंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *