नलजल योजना में गड़बड़ी करने वाले दो वार्ड सचिव को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर, दूरबीन न्यूज। मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड की दो पंचायतों के छह वार्डों में नल-जल योजना में हुई गड़बड़ी में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो पूर्व वार्ड सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पंचायतों में 1.28 करोड़ गबन को लेकर पुलिस ने दो पूर्व वार्ड सचिव को गिरफ्तार किया है। मामले में पूर्व मखिया, छह वार्ड सदस्य व सचिव को नामजद किया गया था। जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। सकरा पुलिस ने शुक्रवार रात छापेमारी कर सिराजाबाद पंचायत के वार्ड 13 के पूर्व वार्ड सचिव मुकेश कुमार यादव और रूपनपट्टी मथुरापुर पंचायत के वार्ड 13 के वार्ड सचिव राघव मुरारी को गिरफ्तार किया है। दोनों पर नल जल योजना का काम पूरा नहीं कर सरकारी राशि गबन करने का आरोप है। बताया गया कि सिराजाबाद पंचायत के वार्ड 2, 10, 11, 12, 13 के वार्ड सदस्य और वार्ड सचिव के साथ पूर्व मुखिया को आरोपित किया गया था। सिराजाबाद वार्ड 13 में 23.50 लाख रुपये का हिसाब नहीं देने का आरोप वार्ड सदस्य व सचिव पर लगाया गया था। वहीं रूपनपट्टी के वार्ड 13 में करीब साढ़े नौ लाख रुपये का हिसाब नहीं दिया गया था। सकरा थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पेय जल योजना का काम पूरा नहीं करने पर पंचायत सचिव ने बीते नवंबर माह में केस दर्ज कराया था। दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *