मुख्य पुजारी अवध किशोर महतो के निधन से तीन प्रखंडों में शोक की लहर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बंधार पंचायत के बाघोपुर बाजार मां वैष्णवी मनोकामना दुर्गा मंदिर के मुख्य पुजारी अवध किशोर महतो उर्फ बंधन महतो (65) के आकस्मिक निधन से शिवाजीनगर, रोसड़ा एवं खानपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों में शोक व्याप्त हो गया।

धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण क्षेत्र के लोग उन्हें विशेष सम्मान देते थे। उनके असामयिक निधन को मंदिर परिवार और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्व लखी चन्द्र महतो के पुत्र अवध किशोर महतो की तबीयत बीते शनिवार को अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल समस्तीपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

पटना में रविवार की सुबह हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही बाघोपुर बाजार सहित आसपास के गांवों में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अवध किशोर महतो पिछले 35 से 40 वर्षों से मां वैष्णवी मनोकामना दुर्गा मंदिर में मुख्य पुजारी के रूप में पूजा-पाठ एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

इतने लंबे समय तक मंदिर की सेवा करते हुए उन्होंने अपनी सादगी, धार्मिक निष्ठा और व्यवहार कुशलता से श्रद्धालुओं के बीच विशिष्ट पहचान बनाई थी। दुर्गापूजा सहित मंदिर में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी। उनके निधन से मंदिर की धार्मिक गतिविधियों से जुड़े लोगों ने अपना एक समर्पित मार्गदर्शक खो दिया है। रविवार को उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

अंतिम दर्शन के दौरान हर किसी की आंखें नम थीं। उनकी अंतिम शोभायात्रा बाघोपुर दुर्गा मंदिर से शुरू होकर हनुमान नगर, मननपुर स्थित भोला बाबा मंदिर, बाघोपुर बाजार, मध्य विद्यालय बाघोपुर तथा नंदे नगर बलहा होते हुए उनके पैतृक आवास तक निकाली गई। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह लोगों ने अपने प्रिय पुजारी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। बाद में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में मुखाग्नि दी गई।

उनके निधन पर अमरजीत कुशवाहा, मिथिलेश सहनी, जनक महतो, किशोरी सहनी, नारायण महतो, रामप्रवेश महतो, दिनेश सहनी, अजय अजूबा, गरीब लाल सहनी, चुनचुन सहनी, कमलदीप सहनी, लालदेव महतो, कन्हैया सहनी, अरुण सहनी एवं विजय महतो सहित बड़ी संख्या में लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि बंधन महतो का निधन केवल एक पुजारी का निधन नहीं, बल्कि धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।

उन्होंने अपना जीवन मां वैष्णवी मनोकामना दुर्गा मंदिर की सेवा और श्रद्धालुओं के बीच धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने में समर्पित कर दिया था। उनके व्यक्तित्व और योगदान को क्षेत्र के लोग लंबे समय तक याद रखेंगे। लोगों ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

*बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ – Doorbeen News*

बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *