व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 17 नवंबर। जिले में कायाकल्प अभियान के तहत संचालित विकास योजनाओं को गति देने और सरकारी संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने समीक्षा बैठक की। अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों के कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन प्रगति और कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कायाकल्प अभियान के तहत स्वीकृत सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस), शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों से कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजनाओं को केवल कागजों पर पूरा दिखाने के बजाय धरातल पर बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।


स्कूल, अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाएं होंगी बेहतर
समीक्षा के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संचालित शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने भवनों की मरम्मत, रंग-रोगन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों में आने वाले लोगों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए।

नियमित मॉनिटरिंग और आपसी समन्वय से पूरे होंगे कार्य
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, नियमित अनुश्रवण करने और आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा।
डीएम ने कहा कि कायाकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी संस्थानों को बेहतर, स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाना है, ताकि आम लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का लाभ मिल सके। इसके लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ निर्धारित लक्ष्य हासिल करना होगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुनीता सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

*श्री गौशाला में धूमधाम से मना 119वां गोपाष्टमी महोत्सव, महिलाओं ने किया गौ पूजन – Doorbeen News*
श्री गौशाला में धूमधाम से मना 119वां गोपाष्टमी महोत्सव, महिलाओं ने किया गौ पूजन







