छठ महापर्व को लेकर समस्तीपुर में ट्रैफिक रूट डायवर्ट, 14 से 16 नवंबर तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर समस्तीपुर शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और व्रतियों के आवागमन को देखते हुए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन भी किया गया है।

अनुमंडल कार्यालय, समस्तीपुर की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, 14 नवंबर की दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर की सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहन और राज्य खाद्य निगम के ट्रकों सहित अन्य भारी वाहनों का समस्तीपुर शहरी क्षेत्र एवं नगर निगम क्षेत्र में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन का कहना है कि छठ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में भारी वाहनों के परिचालन से जाम की स्थिति उत्पन्न होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी रहती है। इसी को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

इन मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यातायात व्यवस्था में निम्न बदलाव किए गए हैं—

  1. दरभंगा की ओर से आने वाले भारी वाहन कल्याणपुर चौक से पूसा की ओर मोड़ दिए जाएंगे।
  2. पटना एवं दरभंगासराय की ओर से आने वाले भारी वाहन मोहनपुर से रेलवे कॉलोनी की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
  3. रोसड़ा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को विशनपुर चौक पर ही रोक दिया जाएगा।
  4. कन्हैया चौक पेट्रोल पंप से चार पहिया वाहनों को रेलवे कॉलोनी की ओर मोड़ा जाएगा।
  5. कर्पूरीग्राम की ओर से आने वाली सभी बड़ी गाड़ियां बाजितपुर तक ही आएंगी। दरभंगा जाने वाले वाहनों को पूसा होकर भेजा जाएगा। वहीं, रोसड़ा जाने वाले वाहनों को ताजपुर-मुसरीघरारी होते हुए मुसरीघरारी चौक से रेलवे कॉलोनी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  6. पूसा की ओर से आने वाले वाहन धर्मपुर चौक तक ही आ सकेंगे। इन्हें भोला टॉकीज रेलवे गुमटी पार करने की अनुमति नहीं होगी।
  7. खानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को सारी मोड़ पर ही रोक दिया जाएगा।
  8. गंडक बांध एवं बाइपास पथ पर दोनों दिन अर्घ्य के निर्धारित समय से चार घंटे पहले से लेकर अर्घ्य के एक घंटे बाद तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

अधिकारियों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी समस्तीपुर, वारिसनगर एवं कल्याणपुर को आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया है। वहीं, संबंधित थानाध्यक्षों एवं यातायात पुलिस अधिकारियों को स्वयं सक्रिय रहकर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा गया है।

प्रशासन ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि निर्धारित रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक आने-जाने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

प्रशासन की अपील: छठ महापर्व के दौरान समस्तीपुर शहर आने-जाने वाले वाहन चालक निर्धारित रूट का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

*खरना संपन्न, अस्ताचलगामी सूर्य को आज अर्घ्य देंगे छठव्रती, 40 धाट सजधज कर तैयार छठ घाट – Doorbeen News*

खरना संपन्न, अस्ताचलगामी सूर्य को आज अर्घ्य देंगे छठव्रती, 40 धाट सजधज कर तैयार छठ घाट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *