खरना संपन्न, अस्ताचलगामी सूर्य को आज अर्घ्य देंगे छठव्रती, 40 धाट सजधज कर तैयार छठ घाट

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने पूरे श्रद्धा और विधि-विधान के साथ खरना का व्रत पूरा किया। सुबह स्नान करने के बाद व्रतियों ने भगवान सूर्य की पूजा अर्चना की। इसके बाद शाम को मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर पारंपरिक तरीके से खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया। छठी मईया को भोग लगाने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

साथ ही परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बीच भी प्रसाद वितरित किया। प्रखंड प्रशासन है संवेदनशील घाटों को चिन्हित भी किया है तथा वहां पर पदाधिकारी की नियुक्ति की है जिसमे शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न 40 घाटों को प्रखंड प्रशासन ने चिन्हित किया है जहां पर व्रती डूबते और उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगी।

आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य: खरना संपन्न होने के बाद रविवार को व्रती निर्जला उपवास रखेंगे। शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके लिए प्रखंड से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक छठ घाटों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। घरों में छठ पूजा की पारंपरिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। व्रती बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचेंगे। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

घाटों पर उमड़ेगी आस्था, बाजारों में बढ़ी रौनक: छठ महापर्व को लेकर प्रखंड अंतर्गत बाजारों में भी काफी चहल-पहल देखी जा रही है। फल, नारियल, सूप, दउरा, मिट्टी के चूल्हे और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। प्रखंड के बाजारों में सुबह से देर शाम तक लोगों की आवाजाही बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ पूजा की तैयारियों को लेकर उत्साह का माहौल है।

छठ घाटों पर सुरक्षा और सफाई की विशेष व्यवस्था: प्रशासन की ओर से छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रखंड अंतर्गत के विभिन्न गांव के छठ पूजा समितियां के द्वारा घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। प्रखंड प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील घाटों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी।


छठ के लोकगीतों से भक्तिमय हुआ माहौल: घरों से लेकर बाजारों तक छठी मईया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। व्रतियों के साथ परिवार के सदस्य भी पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। खरना के प्रसाद वितरण के दौरान भी घरों में भक्तिमय माहौल बना रहा। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का यह महापर्व सामाजिक एकता और पारिवारिक सद्भाव का संदेश दे रहा है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक अलर्ट: छठ पर्व को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर के चिकित्सक अलर्ट रहेंगे। इसको लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुमित कुमार ने निर्देश दिया जा चुका है।कई बार देखने को मिलता है कि पर्व के दौरान नदी तालाब में स्नान के दौरान घटना हो जाती है।

इसको लेकर अलर्ट रखा गया है इसके अलावा नदी स्थित छठ घाट पर एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम तैनात रहेगी। इसमें सभी इमरजेंसी कक्ष का नियमित संचालन किये जाने का निर्देश दिया है। इमरजेंसी 24 घंटे स्वास्थ्य कर्मी भी तैनात की गयी है।

सूर्य को अर्घ देने का मंत्र: ओम सूर्याय नमः या फिर ओम घृणि सूर्याय नमः, ओम घृणि सूर्यः आदित्यः, ओम ह्रीं ह्रीं सूर्याय, सहस्त्रकिरणाय मनोवांछित फलं देहि देहि स्वाहा।

इन घाटों पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब : प्रखंड में करीब दो दर्जन से अधिक स्थानों पर छठ पर्व को लेकर घाट बनाया गया है। प्रखंड के प्रमुख छठ घाट जहां पर व्रतीयों का सैलाब उमड़ा उसमें करेंह नदी के बरियाही घाट, छतौनी घाट, रन्ना घाट, परवाना, बोरज, पुरन्दाही, काकर, बुनियादपुर, बागमती नदी बंधार, रहटौली, पुनमा धरमपुर, पोखर बल्लीपुर, भटौरा, रामभद्रपुर राजापुर, रमौल, परशुराम, महदेव, करियन, रानीपरती छठ घाट शामिल है।

*छठ को लेकर सिंघिया बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, सुबह आठ से रात आठ बजे तक लागू रहेगा आदेश – Doorbeen News*

छठ को लेकर सिंघिया बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, सुबह आठ से रात आठ बजे तक लागू रहेगा आदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *