व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर | विश्व मधुमेह दिवस (World Diabetes Day) के अवसर पर आज दिनांक 14 नवंबर 2026 को मंडलीय रेलवे अस्पताल, समस्तीपुर में व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में मरीजों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर 89 मरीजों एवं रेलकर्मियों की शुगर जांच की गई और आवश्यकतानुसार चिकित्सीय सलाह दिया।
इस अवसर पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रभारी) डॉ. श्रीप्रकाश, सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वाति एस., सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र कुमार, डॉ. गौतम कुमार, डॉ. विनय कुमार, डॉ. अंकिता मीना एवं CMP सहित अन्य चिकित्सकों ने मधुमेह (डायबिटीज) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
चिकित्सकों द्वारा दिए गए व्याख्यान से उपस्थित मरीजों एवं अन्य लोगों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों, संभावित जटिलताओं, रोकथाम तथा प्रभावी प्रबंधन के संबंध में उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।


ज्ञातव्य हो कि मधुमेह तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है। चिकित्सकों ने बताया कि मधुमेह एक ऐसी दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें शरीर में इंसुलिन का पर्याप्त उत्पादन नहीं हो पाता अथवा शरीर इंसुलिन का प्रभावी ढंग से उपयोग नहीं कर पाता। इसके परिणामस्वरूप रक्त में शर्करा (ब्लड शुगर) का स्तर बढ़ जाता है। समय रहते इसकी पहचान एवं समुचित उपचार नहीं होने पर यह हृदय, किडनी, आंखों तथा तंत्रिका तंत्र को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। इसके कारण हृदयाघात, स्ट्रोक, किडनी फेल्योर, दृष्टि संबंधी समस्याएं तथा पैरों में गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं।
विश्व एवं भारत में मधुमेह की वर्तमान स्थिति चिंतनीय है। मधुमेह आज वैश्विक स्तर पर तेजी से उभरती स्वास्थ्य चुनौतियों में शामिल है। अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह महासंघ (IDF) के वर्ष 2025 में जारी 11वें डायबिटीज एटलस के अनुसार, वर्ष 2024 में विश्वभर में 20 से 79 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 58.9 करोड़ वयस्क मधुमेह से प्रभावित थे। अनुमान है कि वर्ष 2050 तक यह संख्या बढ़कर लगभग 85.3 करोड़ हो सकती है।
भारत में भी मधुमेह के मामले चिंताजनक स्थिति में हैं। IDF के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में भारत में लगभग 8.98 करोड़ वयस्क मधुमेह से प्रभावित थे। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जिन्हें अपनी बीमारी की जानकारी तक नहीं है। यह स्थिति नियमित स्वास्थ्य जांच एवं जन-जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित करती है।


कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने मधुमेह से बचाव एवं नियंत्रण के लिए निम्नलिखित सुझाव दिए :
1. संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें तथा अत्यधिक मीठे और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करें।
2. प्रतिदिन नियमित रूप से पैदल चलने, योग एवं शारीरिक व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
3. शरीर का वजन नियंत्रित रखें तथा मोटापे से बचें।
4. समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कराएं, विशेषकर उन लोगों को जिनके परिवार में मधुमेह का इतिहास रहा है।
5. चिकित्सक की सलाह के अनुसार नियमित दवाओं का सेवन करें और बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा बंद न करें।
6. पर्याप्त नींद लें, तनाव को नियंत्रित रखें तथा धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से दूर रहें।
7. मधुमेह से पीड़ित व्यक्ति नियमित रूप से अपनी आंखों, किडनी, पैरों एवं हृदय की स्वास्थ्य जांच भी कराते रहें।

चिकित्सकों ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि मधुमेह की समय पर पहचान, नियमित निगरानी और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर इसके गंभीर दुष्परिणामों से काफी हद तक बचा जा सकता है। मधुमेह होने का अर्थ सामान्य जीवन का अंत नहीं है, बल्कि उचित उपचार और सावधानियों के साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन व्यतीत किया जा सकता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों, उनके परिजनों एवं अस्पताल में उपचाररत मरीजों को मधुमेह के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर मंडलीय रेलवे अस्पताल के नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
समस्तीपुर मंडल, पूर्व मध्य रेल द्वारा रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों की रोकथाम तथा स्वास्थ्य जागरूकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में ऐसे कार्यक्रमों का विशेष महत्व है।


*एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रखंड-अंचल कार्यालय परिसर में किया गया पौधारोपण – Doorbeen News*
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रखंड-अंचल कार्यालय परिसर में किया गया पौधारोपण





