एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रखंड-अंचल कार्यालय परिसर में किया गया पौधारोपण

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पर्यावरण संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को शिवाजीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण बिहार के तहत संचालित एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सभी ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। पौधारोपण कार्यक्रम में भवन निर्माण विभाग के उपसचिव ललित कुमार सिंह, प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, सीओ अम्बपाली यादव, बीएओ सतीश कुमार, मनरेगा पीओ बबलू कुमार, पूर्व बीआरपी सह एचएम बालमुकुंद सिंह, समाजसेवी संतोष कुमार सिंह तथा बीसीओ शिव दर्शन पासवान ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।

इसके अलावा तकनीकी सहायक जेई दीप सागर तथा विकास कुमार सहित अन्य लोगों ने भी पौधे लगाए। इस अवसर पर परिसर में फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति के अनमोल उपहार हैं। इनका संरक्षण केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए ही नहीं, बल्कि मानव जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखने के लिए भी आवश्यक है।

पेड़ों से जहां वातावरण में शुद्ध ऑक्सीजन मिलती है, वहीं ये बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने, वर्षा चक्र को संतुलित रखने और प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। फलदार पौधे भविष्य में लोगों को फल उपलब्ध कराने के साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा देते हैं, जबकि छायादार पौधे राहगीरों एवं आम लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाते हैं। वक्ताओं ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्देश्य पौधारोपण को जनभागीदारी से जोड़ना और प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना है।

मां के सम्मान और स्मृति में लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में विशाल वृक्ष बनकर समाज को स्वच्छ हवा, छाया और फल प्रदान कर सकता है। इसलिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमार, राम कुमार, राजेश कुमार, हरिशंकर सहनी, अंबिका झा, गणेश मंडल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अभियान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रखंड-अंचल कार्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने के साथ आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

*भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर जिलाधिकारी ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि – Doorbeen News*

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर जिलाधिकारी ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *