समस्तीपुर में प्रारूप मतदाता सूची जारी, जिले में 30.09 लाख वोटर; 880 हुआ लिंगानुपात

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : समस्तीपुर। जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची गुरुवार को प्रकाशित कर दी गई। इसके अनुसार जिले में कुल 30 लाख 9 हजार 558 मतदाता हैं। इनमें 16 लाख 1 हजार 223 पुरुष, 14 लाख 8 हजार 303 महिला और 32 अन्य मतदाता शामिल हैं। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद जिले का लिंगानुपात बढ़कर 880 हो गया है। जबकि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद यह अनुपात 875 था। गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इसकी जानकारी दी गई।

निर्वाचन कार्यालय के अनुसार प्रारूप सूची में 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची और उसके बाद 22 अक्टूबर 2026 तक सतत अद्यतीकरण के दौरान जोड़े गए, हटाए गए और संशोधित नामों को शामिल किया गया है। सूची में 18 वर्ष से अधिक आयु के 13,576 मतदाता हैं। वहीं, 17,111 वरिष्ठ नागरिक, 34,072 दिव्यांग मतदाता और 3,863 सर्विस वोटर दर्ज किए गए हैं।

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति

प्रारूप मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन कराने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। इसके लिए प्रपत्र-6, 7 और 8 के माध्यम से दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। निर्वाचन विभाग की ओर से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नए मतदाताओं से संबंधित अनुपूरक सूची-3 और प्रारूप मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी पेन ड्राइव में उपलब्ध कराई गई।

नवंबर और दिसंबर में विशेष अभियान दिवस

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। पहला अभियान 21 और 22 नवंबर को तथा दूसरा अभियान 5 और 6 दिसंबर को आयोजित होगा। इन दिनों मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को भी कैंप में भेजकर बीएलओ को सहयोग करने की अपील की गई है।

निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है। बैठक में भाजपा, राजद, जदयू, कांग्रेस, लोजपा (रामविलास), राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, बसपा और भाकपा माले के प्रतिनिधियों के अलावा डीडीसी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी मौजूद थे। डीएम ने सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने और मतदाता सूची अपने बीएलए तक समय पर पहुंचाने का आग्रह किया।

*समस्तीपुर में 80 स्टॉलों पर सात राज्यों के हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी, अब तक 23 लाख रुपये की हुई बिक्री – Doorbeen News*

समस्तीपुर में 80 स्टॉलों पर सात राज्यों के हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी, अब तक 23 लाख रुपये की हुई बिक्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *