शोधार्थी काजल कुमारी को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में पोस्टर प्रस्तुति श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार, शोध निर्देशक डॉ अंकित कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मिली सफलता

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के विश्वविद्यालय वनस्पति विज्ञान विभाग की शोधार्थी काजल कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं शोध कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पोस्टर प्रस्तुति श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया है।

उन्हें यह सम्मान द्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “Health and Agriculture Biotechnology : Interdisciplinary Trends” में उनके शोधपत्र “Natural Product-Based Drug Discovery for Breast and Prostate Cancer” के लिए प्रदान किया गया।

यह सम्मेलन 30 अक्टूबर से 01 नवंबर, 2026 तक मोतीलाल नेहरु राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT), प्रयागराज के जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।

काजल कुमारी का शोधकार्य वर्तमान समय की एक महत्त्वपूर्ण वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती कैंसर के उपचार के लिए प्राकृतिक उत्पादों पर आधारित औषधि खोज की संभावनाओं पर केन्द्रित है। उनके शोधपत्र में स्तन कैंसर एवं प्रोस्टेट कैंसर के उपचार हेतु प्राकृतिक स्रोतों से प्राप्त जैव सक्रिय यौगिकों की औषधीय क्षमता तथा उनके संभावित उपयोगों पर प्रकाश डाला गया है।

प्राकृतिक उत्पादों में विद्यमान विभिन्न जैव सक्रिय तत्व आधुनिक औषधि विकास के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। काजल कुमारी ने यह शोधकार्य विश्वविद्यालय वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक (सीनियर स्केल) डॉ अंकित कुमार सिंह के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया है। डॉ अंकित कुमार सिंह के शैक्षणिक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन ने शोधार्थी को अपने अनुसंधान कार्य को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनके निर्देशन में प्राकृतिक उत्पादों, पादप-आधारित जैव सक्रिय यौगिकों तथा उनके औषधीय महत्व से संबंधित अनुसंधान को प्रोत्साहन मिल रहा है। यह उपलब्धि शोध निर्देशक एवं शोधार्थी के संयुक्त प्रयास, समर्पण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण है। सम्मेलन में देश-विदेश के विभिन्न शिक्षण एवं शोध संस्थानों से आए वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य, कृषि तथा जैव प्रौद्योगिकी के विभिन्न आयामों पर अपने शोध एवं विचार प्रस्तुत किए।

इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच शोधार्थियों को अपने अनुसंधान कार्यों को व्यापक वैज्ञानिक समुदाय के समक्ष प्रस्तुत करने, नवीनतम शोध प्रवृत्तियों से परिचित होने तथा अन्य वैज्ञानिकों के साथ विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करते हैं। काजल कुमारी की इस उपलब्धि से ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के शैक्षणिक एवं शोध जगत में हर्ष का वातावरण है।

यह उपलब्धि विश्वविद्यालय वनस्पति विज्ञान विभाग में हो रहे गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और शोध गतिविधियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ गजेन्द्र प्रसाद, पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ सबिता वर्मा सहित विभाग के शोधार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शोधार्थी काजल कुमारी एवं उनके शोध निर्देशक डॉ अंकित कुमार सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सभी ने काजल कुमारी की इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय एवं विभाग के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही शोध निर्देशक डॉ अंकित कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं शोधार्थी के समर्पित प्रयासों की सराहना की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि काजल कुमारी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट शोध कार्यों के माध्यम से ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय मिथिलांचल एवं देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करती रहेंगी।

*समस्तीपुर में 1.49 लाख की लूट का खुलासा, एक बदमाश गिरफ्तार; 18 हजार रुपए नकद बरामद – Doorbeen News*

समस्तीपुर में 1.49 लाख की लूट का खुलासा, एक बदमाश गिरफ्तार; 18 हजार रुपए नकद बरामद

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *