व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बंधार पंचायत में सरकारी भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए अज्ञात चोरों ने मनरेगा भवन सह पंचायत भवन के बगल में शौचालय भवन और आंगनबाड़ी केंद्र परिसर से चापाकल के हेड व मोटर की चोरी कर ली। सोमवार को चोरी की घटना सामने आने के बाद पंचायत सचिव महेंद्र पासवान ने हथौड़ी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने एवं मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर हथौड़ी पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। पंचायत सचिव महेंद्र पासवान ने थाना में दिए गए आवेदन में बताया है कि सोमवार, 2 नवंबर को वे सुबह करीब 10:30 बजे पंचायत भवन बंधार कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान जब वे शौचालय भवन की ओर गए तो वहां का बाहरी ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाने पर पता चला कि शौचालय भवन में लगे चापाकल का हेड एवं मोटर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है।


इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी ली। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र भवन के आंगन में लगे चापाकल का हेड भी चोरी कर लिया गया है। इस तरह पंचायत परिसर के समीप दो अलग-अलग सरकारी भवनों से चापाकल के महत्वपूर्ण उपकरण चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पंचायत स्तर पर सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।
पंचायत सचिव ने चोरी की घटना की सूचना बीपीआरओ को भी दी। इसके बाद हथौड़ी पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत की मुखिया चंदन कुमारी भी मनरेगा भवन सह पंचायत भवन परिसर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचायत सचिव से चोरी की घटना के संबंध में जानकारी ली।


मौके पर पूर्व विधायक विश्वनाथ पासवान, स्वच्छता पर्यवेक्षक चंदन सहनी, अमरजीत कुशवाहा, कन्हैया सहनी एवं अरुण सहनी सहित अन्य लोग मौजूद थे। सरकारी भवनों के परिसर से चापाकल के हेड एवं मोटर की चोरी होने से स्थानीय स्तर पर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं के तहत लगाए गए चापाकल और अन्य संसाधन आम लोगों की सुविधा के लिए हैं।
ऐसे उपकरणों की चोरी से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ ही लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मौसम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजा गया है। मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


*20 दिवसीय जूट के रेशे से हस्तशिल्प : सीखने से लेकर व्यवसाय तक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे बैच का समापन हुआ – Doorbeen News*






