व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह पुराने विवाद को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना भागीरथपुर गांव में सुबह करीब छह बजे हुई। मृतक की पहचान गाढ़ा गांव निवासी स्व. रामदयाल सहनी के 38 वर्षीय पुत्र अजीत सहनी के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
गंभीर रूप से जख्मी अजीत को इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
किराना दुकान पर खैनी-गुटखा खरीदने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजीत सहनी और बगल के टोले के रहने वाले 55 वर्षीय झगड्डू सहनी के बीच पहले से विवाद चल रहा था। शनिवार की सुबह दोनों गांव की ही उर्मिला देवी की छोटी किराना दुकान के सामने पहुंचे थे।
इसी दौरान खैनी और गुटखा खरीदने के क्रम में दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान झगड्डू सहनी ने अजीत सहनी पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में अजीत गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
आरोपी का मुजफ्फरपुर में चल रहा था इलाज
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि हत्या के आरोपी झगड्डू सहनी का व्यवहार असामान्य रहा है और उनका इलाज मुजफ्फरपुर में चल रहा था। हालांकि, पुलिस घटना के वास्तविक कारणों और पुराने विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपी झगड्डू सहनी स्व. रामेश्वर सहनी का पुत्र बताया गया है।


घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम, साक्ष्य जुटाए
घटना की सूचना मिलने के बाद कल्याणपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में कल्याणपुर पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

*समस्तीपुर मंडल में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, DRM अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सत्यनिष्ठा की शपथ – Doorbeen News*










One Comment