समस्तीपुर में झाड़ियों से मिली युवती की लाश, सिर पर जख्म के निशान; हत्या की आशंका, पहचान कराने में जुटी पुलिस

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह झाड़ियों से एक अज्ञात युवती का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। युवती की उम्र करीब 18 से 19 वर्ष बताई जा रही है। उसका शव जूट मिल के बगल में बांध वाली मुख्य सड़क से बूढ़ी गंडक नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे मिला। युवती के सिर पर जख्म के निशान पाए गए हैं। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच शव मिलने की जानकारी फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों ने युवती की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन कोई उसे पहचान नहीं सका। इसके बाद घटना की सूचना कल्याणपुर थाना पुलिस को दी गई।

लाल टी-शर्ट और काली जींस पहने थी युवती

पुलिस के अनुसार, मृतका के शरीर पर लाल रंग की टी-शर्ट और काले रंग की जींस थी। उसने नाक में कीलनुमा आभूषण और काले रंग की पतली बेल्ट पहन रखी थी। शव के पास से गुलाबी रंग की प्लास्टिक की एक जोड़ी चप्पल भी मिली है।

पुलिस इन विवरणों के आधार पर युवती की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती कहां की रहने वाली थी और घटनास्थल तक कैसे पहुंची।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।

डीएसपी बोले- सिर पर जख्म, सभी बिंदुओं पर हो रही जांच

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में कल्याणपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीएसपी ने बताया कि युवती के सिर पर जख्म है। उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच-पड़ताल के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

इधर, शव मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। युवती की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंके जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। युवती की पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

*मॉडल स्कूल उच्च विद्यालय कर्पूरीग्राम का डीईओ ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश – Doorbeen News*

मॉडल स्कूल उच्च विद्यालय कर्पूरीग्राम का डीईओ ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *