दरभंगा स्नातक सीट पर बड़ा उलटफेर: राजद समर्थित अनिल झा ने भाजपा समर्थित सर्वेश कुमार को 4010 वोटों से हराया

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen news Desk : दरभंगा/समस्तीपुर। बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक निर्वाचन सीट पर बड़ा चुनावी उलटफेर देखने को मिला। राजद समर्थित प्रत्याशी अनिल कुमार झा ने भाजपा समर्थित निवर्तमान एमएलसी सर्वेश कुमार को 4010 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। मतगणना के तीसरे दिन गुरुवार को घोषित परिणाम में अनिल कुमार झा को 25,406 और सर्वेश कुमार को 21,396 मत मिले।

इस चुनाव में दूसरी वरीयता के मत निर्णायक साबित हुए। शुरुआती गणना में लगातार बढ़त बनाए रखने के बावजूद सर्वेश कुमार अंतिम चरण में पिछड़ गए। एलिमिनेशन राउंड में मतों के हस्तांतरण ने चुनाव का पूरा समीकरण बदल दिया।

अंतिम तीन प्रत्याशियों तक सर्वेश को थी 1046 वोटों की बढ़त

मतगणना के दूसरे राउंड से ही सर्वेश कुमार लगातार आगे चल रहे थे। एलिमिनेशन प्रक्रिया के दौरान जब मुकाबला अंतिम तीन प्रत्याशियों के बीच पहुंचा, तब भी सर्वेश कुमार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिल कुमार झा से 1046 मतों से आगे थे।

हालांकि, तीसरे स्थान पर रहे जन सुराज समर्थित प्रत्याशी मोहम्मद इम्तियाज नूरानी के बाहर होने के बाद उनके बैलेट पर दर्ज दूसरी वरीयता के मत दोनों प्रमुख प्रत्याशियों को हस्तांतरित किए गए।

इसी चरण में अनिल कुमार झा ने बढ़त हासिल कर ली और अंततः 4010 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

दूसरी वरीयता के वोट बने जीत का आधार

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में वरीयता आधारित मतदान प्रणाली लागू होने के कारण केवल प्रथम वरीयता के मतों से परिणाम तय नहीं हुआ। प्रत्याशियों के एलिमिनेशन के बाद उनके मतपत्रों पर दर्ज अगली वैध वरीयता के आधार पर मतों का हस्तांतरण किया गया।

इस प्रक्रिया का सबसे अधिक लाभ अनिल कुमार झा को मिला। उन्होंने अंतिम चरण में सर्वेश कुमार की बढ़त को न केवल समाप्त किया, बल्कि जीत भी हासिल कर ली।

मतगणना के दौरान समर्थकों में झड़प, प्रशासन पर लगे आरोप

मतगणना के दौरान जीत-हार के दावों को लेकर एनडीए और राजद समर्थकों के बीच झड़प की भी सूचना सामने आई।

इससे पहले राजद नेता एवं पूर्व मंत्री ललित यादव ने दरभंगा जिला प्रशासन पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया था। हालांकि, मतगणना के तीसरे दिन परिणाम घोषित होने के साथ ही दरभंगा स्नातक सीट पर तीन दिनों से जारी चुनावी मुकाबले का पटाक्षेप हो गया।

*समस्तीपुर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़: टॉप-10 अपराधियों में शामिल मनीष सिंह को लगी गोली, सदर अस्पताल में भर्ती – Doorbeen News*

समस्तीपुर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़: टॉप-10 अपराधियों में शामिल मनीष सिंह को लगी गोली, सदर अस्पताल में भर्ती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *