व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले में फसलों के उत्पादन और कृषि क्षेत्र का सटीक आकलन करने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय कृषि सांख्यिकी प्रशिक्षण सत्र 2026-27 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण में अंचलाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारियों सहित संबंधित कर्मियों को कृषि आंकड़ों के संकलन और फसल कटनी प्रयोग की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध फसल कटनी प्रयोग सुनिश्चित करने के साथ कृषि से संबंधित आंकड़ों की विश्वसनीयता बढ़ाना था। इस दौरान अधिकारियों को फसल क्षेत्र, उत्पादन और भूमि उपयोग से संबंधित विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तैयार करने का निर्देश दिया गया।
फसल कटनी प्रयोग और भूमि उपयोग विवरणी तैयार करने की दी जानकारी
प्रशिक्षण सत्र में फसल कटनी प्रयोग, जिन्सवार विवरण और भूमि उपयोग विवरणी सहित कृषि सांख्यिकी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि फसलों के उत्पादन का सही आकलन करने के लिए आंकड़ों का गुणवत्तापूर्ण संकलन आवश्यक है। इसमें किसी प्रकार की त्रुटि होने से उत्पादन के वास्तविक आकलन पर असर पड़ सकता है।
इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कृषि सांख्यिकी से जुड़े कार्यों को पूरा करने पर जोर दिया गया।
निर्धारित समय-सीमा में आंकड़े उपलब्ध कराने का निर्देश
प्रशिक्षण के दौरान कृषि आंकड़ों की शुद्धता, गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी भी दी गई। साथ ही फसल कटनी प्रयोग और अन्य सांख्यिकीय विवरणों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा गया, ताकि जिले में फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन का वास्तविक आकलन किया जा सके।
कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, प्रशिक्षक सह सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी पवन कुमार, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी प्रवीण कुमार झा सहित जिले के सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।



*सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत बरौनी स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को किया गया जागरूक – Doorbeen News*









