BRB कॉलेज में छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं को लेकर शक्ति अभियान का एकदिवसीय विरोध प्रदर्शन, 25 नवंबर तक पीरियड वेंडिंग मशीन लगाने का प्राचार्य ने दिया आश्वासन

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Dooebeen News Desk: समस्तीपुर, 28 अक्टूबर 2026। बीआरबी कॉलेज, समस्तीपुर में छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर बुधवार को शक्ति अभियान के बैनर तले एकदिवसीय विरोध प्रदर्शन किया गया। छात्राओं ने कॉलेज में पीरियड वेंडिंग मशीन लगाने, लड़कियों के वॉशरूम की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था करने सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की माँग उठाई।

प्रदर्शन से दो दिन पूर्व कॉलेज प्रशासन को इन समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिया गया था। इसके बावजूद माँगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण शक्ति अभियान के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। छात्राएँ बीआरबी कॉलेज के मुख्य द्वार से नारेबाजी करते हुए कैंपस के अंदर प्राचार्य कार्यालय तक पहुँचीं। इस दौरान उन्होंने “चाहे जो मजबूरी हो, हमारी माँगें पूरी हों” और “बीआरबी कॉलेज करे पुकार, पीरियड वेंडिंग मशीन लगाना ही होगा” जैसे नारे लगाए। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी छात्राएँ प्राचार्य कार्यालय के सामने बैठ गईं, जहाँ एक सभा आयोजित की गई।

सभा की अध्यक्षता नेहा भारती ने की, जबकि संचालन मोना कुमारी ने किया। सभा में छात्राओं ने कॉलेज में व्याप्त समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में शक्ति अभियान बिहार की कोऑर्डिनेटर रीचा कुशवाहा ने कहा कि पीरियड वेंडिंग मशीन, स्वच्छ वॉशरूम और डस्टबिन जैसी सुविधाएँ छात्राओं की मूलभूत जरूरतों का हिस्सा हैं। कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है कि छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिले। इन माँगों पर जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि छात्राओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

शक्ति अभियान की छात्रा नेत्री नेहा और सादिया ने कहा कि जिले में सांसद, विधायक और महापौर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं के रहने के बावजूद कॉलेजों में छात्राओं की समस्याओं की सुनवाई नहीं होना चिंताजनक है। छात्राओं को अपनी बुनियादी माँगों को पूरा कराने के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने स्तर से जिले के विभिन्न कॉलेजों में पीरियड वेंडिंग मशीन लगवाने की पहल करें, ताकि छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान आवश्यक सुविधाएँ मिल सकें।

सभा को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि कॉलेज में छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। सेनेटरी पैड, स्वच्छ वॉशरूम और डस्टबिन की व्यवस्था कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान से जुड़ा विषय है। सरकार छात्राओं की सुविधाओं के लिए योजनाओं और बजट का प्रावधान करती है, इसलिए कॉलेज प्रशासन को उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग करते हुए इन समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में पीरियड वेंडिंग मशीन नहीं लगाई गई, तो उनका संगठन भी शक्ति अभियान के साथ मिलकर कॉलेज परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।

प्राचार्य ने माँगों को जायज माना, मौके पर हुआ सफाई संबंधी समस्याओं का समाधान: विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉलेज के प्राचार्य ने सभी प्रदर्शनकारी छात्राओं, छात्र प्रतिनिधियों और उपस्थित नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया। प्राचार्य ने छात्राओं की माँगों को जायज बताते हुए कहा कि वे गांधीवादी तरीके से अपनी समस्याओं को लेकर कॉलेज प्रशासन के पास पहुँची हैं।

प्राचार्य ने कहा कि वॉशरूम में डस्टबिन की व्यवस्था और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की गई है। प्रदर्शन के दौरान ही संबंधित कर्मियों को बुलाकर इन समस्याओं के समाधान की पहल की गई और सफाई संबंधी मुद्दों को मौके पर ही सुलझाया गया।

वहीं, पीरियड वेंडिंग मशीन लगाने की माँग पर प्राचार्य ने बताया कि संबंधित कंपनी से मशीन का कोटेशन मँगवाया गया है और इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है। उन्होंने छात्राओं और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि 25 नवंबर 2026 तक कॉलेज परिसर में पीरियड वेंडिंग मशीन लगाने की व्यवस्था पूरी कर ली जाएगी। प्राचार्य ने भरोसा दिलाया कि छात्राओं की इस माँग पर कॉलेज प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है।

शक्ति अभियान ने प्राचार्य के आश्वासन का स्वागत करते हुए स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा तक मशीन नहीं लगाई गई, तो छात्राएँ पुनः आंदोलन करने और कॉलेज परिसर में अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए बाध्य होंगी।

प्रदर्शन के दौरान आयुष्मान कुमार ने गीत के माध्यम से महिला सम्मान और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने गाया, “बोलो-बोलो कौन है महिला, इनजस्टिस पर भारी है महिला।” उनकी प्रस्तुति ने प्रदर्शन में शामिल छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।

मौके पर नवनीत कुमार, आकांक्षा कुमारी, अनीशा कुमारी, अनुकरण कुमारी, रामदुलारी सहित अन्य छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे। प्रदर्शन में दर्जनों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की।

शक्ति अभियान ने कॉलेज प्रशासन से अपील की कि छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पीरियड वेंडिंग मशीन लगाने, वॉशरूम की नियमित साफ-सफाई तथा पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संगठन ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब सभी की नजर 25 नवंबर तक पीरियड वेंडिंग मशीन लगाने के प्राचार्य के आश्वासन पर है।

*समस्तीपुर स्टेशन परिसऱ में शौचालय निर्माण एवं पैसेंजर गाड़ी के समय पर परिचालन की मांग के समर्थन में धरना – Doorbeen News*

समस्तीपुर स्टेशन परिसऱ में शौचालय निर्माण एवं पैसेंजर गाड़ी के समय पर परिचालन की मांग के समर्थन में धरना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *