व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : शिवाजीनगर : जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक के निर्देश पर सोमवार को शिवाजीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में वासंतिक रबी महाअभियान सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, समेकित कृषि प्रणाली, मोटे अनाज का उत्पादन, सब्जियों की वैज्ञानिक खेती और फसल प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों से परंपरागत खेती के साथ वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने की अपील की, ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के साथ उनकी आमदनी में भी वृद्धि हो सके।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक विधि से खेती, मिट्टी की जांच, उर्वरकों का संतुलित उपयोग, बीजोपचार, मोटे अनाज की खेती तथा रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन से संबंधित तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना था। विशेषज्ञों ने बताया कि खेती में उन्नत तकनीकों का सही तरीके से इस्तेमाल करने, समय पर बुवाई करने और फसलों की आवश्यकतानुसार देखभाल करने से उत्पादन में वृद्धि की जा सकती है।


मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने से खेती की लागत कम करने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में भी मदद मिलती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड उप प्रमुख प्रतिनिधि राम पुकार महतो ने की, जबकि संचालन सहायक तकनीकी प्रबंधक अमरदीप शर्मा ने किया। आत्मा कार्यालय, समस्तीपुर से आए उप परियोजना निदेशक गंगेश कुमार चौधरी ने किसानों को आगामी पंचायत स्तरीय खेत बचाओ अभियान सह कृषि जन कल्याण चौपाल कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने रबी सत्र में आयोजित होने वाले मसूर प्रत्यक्षण तथा सरसों एवं मशरूम की खेती से संबंधित किसान पाठशाला के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों तक कृषि की नई तकनीकों और विभागीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्र, लादा से आए वैज्ञानिक जोगेंद्र सोरेन ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि समय पर बुवाई, गुणवत्तापूर्ण बीज का चयन और उपयुक्त प्रभेद का इस्तेमाल फसल उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


किसानों को फसल और क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुसार उन्नत किस्मों का चयन करने तथा वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी गई। बीएओ सतीश कुमार ने रबी सत्र में कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को योजनाओं का लाभ लेने तथा खेती से जुड़ी तकनीकी सलाह के अनुसार कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सरोज कुमार पासवान ने उद्यान विभाग की योजनाओं, सब्जियों की वैज्ञानिक खेती और बागवानी से संबंधित जानकारी साझा की।

जिला से आए कृषि विशेषज्ञ मुकेश कुमार देव ने फसलों को कीटों एवं विभिन्न रोगों से बचाने के उपाय बताए। उन्होंने फसल की नियमित निगरानी, रोग एवं कीट की समय पर पहचान तथा उचित प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुखिया दुखा मुखिया, रामचंद्र सिंह, नटवर राय, विनोद पासवान, अनीता देवी, आत्मा के सहायक तकनीकी प्रबंधक इंद्रजीत गौरव, कृषि समन्वयक अजय शंकर मिश्रा,
संजीत राम, मुकेश कुमार, राजशेखर, किसान सलाहकार संजय कुमार, विशंभर नाथ, रमाकांत रमण सहित किसान थे। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन बढ़ाने, लागत कम करने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए जागरूक किया गया।


*समस्तीपुर में घर में घुसकर पूर्व मंत्री की पत्नी पर चाकू से हमला, जान से मारने की धमकी देने का आरोप – Doorbeen News*
समस्तीपुर में घर में घुसकर पूर्व मंत्री की पत्नी पर चाकू से हमला, जान से मारने की धमकी देने का आरोप






One Comment