हरपुर ऐलोथ में फ्लिपकार्ट कार्यालय से हथियार के बल पर 1.49 लाख की लूट, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े अपराधी

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : सरायरंजन थाना क्षेत्र के हरपुर ऐलोथ स्थित फ्लिपकार्ट के क्षेत्रीय कार्यालय में बीते देर रात चार की संख्या में आए बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधी कार्यालय के कर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर वहां रखे करीब 1 लाख 49 हजार 700 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।. वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से अपराधी कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क और डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। कार्यालय प्रबंधक रविशंकर कुमार के अनुसार, रोजाना की तरह कार्यालय में पार्सल वितरण और लेखा-जोखा से संबंधित कार्य निपटाया जा रहा था। इसी दौरान देर रात दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश हथियारबंद बदमाश कार्यालय परिसर में आ धमके। अंदर घुसते ही बदमाशों ने पिस्तौल तान दी और मौजूद कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ ऊपर करवा दिए।

गनपॉइंट पर सभी कर्मियों को एक कोने में बैठा दिया गया, जिससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई। इसके बाद अपराधियों ने काउंटर व गल्ले में रखे 1,49,700 रुपये नकदी जबरन समेट लिए। लूटपाट के दौरान बदमाशों की नजर कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों पर पड़ी। पुलिस पहचान न कर सके, इसके लिए अपराधियों ने तकनीकी कक्ष में जाकर सीसीटीवी सिस्टम से जुड़ा डीवीआर और हार्ड डिस्क भी तार काटकर निकाल लिया।

लूट की रकम और उपकरण लेकर सभी अपराधी मुसरीघरारी की ओर तेजी से बाइक दौड़ाते हुए भाग निकले। अपराधियों के जाने के बाद कर्मियों ने तुरंत शोर मचाया और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस व वरीय अधिकारियों को दी। वारदात की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थानाध्यक्ष दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ ही देर में सदर एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और कार्यालय कर्मियों व प्रबंधक से घटना की बिंदुवार जानकारी ली।

पुलिस ने आसपास के मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर दी है। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फ्लिपकार्ट कार्यालय से नकदी और डीवीआर लूट की बात सामने आई है। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मुख्य सड़कों पर लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि अपराधियों के भागने की दिशा और पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही गिरोह की शिनाख्त कर लूटी गई रकम बरामद कर ली जाएगी और अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

*बीआरबी कॉलेज में लड़कियों ने समस्याओं को लेकर प्राचार्य को सौंपा आवेदन, समाधान नहीं होने पर 28 अक्टूबर को होगा विरोध प्रदर्शन – Doorbeen News*

बीआरबी कॉलेज में लड़कियों ने समस्याओं को लेकर प्राचार्य को सौंपा आवेदन, समाधान नहीं होने पर 28 अक्टूबर को होगा विरोध प्रदर्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *