व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर विजयादशमी पर इस बार समस्तीपुर के हाउसिंग बोर्ड मैदान में रावण वध का भव्य आयोजन होगा। जिला दशहरा कमेटी की ओर से 60 फीट ऊंचे रावण, 55 फीट के मेघनाथ और 50 फीट के कुंभकरण के पुतले तैयार कराए गए हैं। 21 अक्टूबर को शाम करीब पांच बजे भगवान राम की झांकी मैदान पहुंचेगी। इसके बाद बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण दहन किया जाएगा।
समस्तीपुर में वर्ष 1955 से लगातार रावण वध का आयोजन होता आ रहा है। इस बार भी कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हाउसिंग बोर्ड मैदान में करीब 150 फीट की परिधि में लंका नगरी बनाई जाएगी।
दोपहर एक बजे निकलेगी राम दरबार की झांकी
दशहरा कमेटी के सचिव साहिल चोपड़ा ने बताया कि विजयादशमी के दिन दोपहर एक बजे पंजाबी कॉलोनी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता, भगवान शिव और हनुमान की झांकियां शामिल होंगी।
शोभायात्रा में गुरिल्ला और विभिन्न वेशभूषा में राक्षसों के पात्र भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। करीब सात फीट ऊंचे हनुमान का स्वरूप धारण करने वाला कलाकार 10 फीट लंबी गदा लेकर चलेगा। झांकी शहर के प्रमुख बाजार मार्गों से गुजरते हुए शाम करीब पांच बजे हाउसिंग बोर्ड मैदान पहुंचेगी।
सुबह मैदान में खड़े किए जाएंगे तीनों पुतले
कमेटी के संरक्षक विनोद तनेजा ने बताया कि विजयादशमी की सुबह रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों को मैदान में स्थापित किया जाएगा। पुतलों के भीतर तेज आवाज वाले पटाखे लगाए जाएंगे। रावण वध स्थल पर लंका नगरी का निर्माण भी कराया जा रहा है।
कमेटी के अध्यक्ष मुकेश कटारिया ने बताया कि समय के साथ आयोजन का स्वरूप और खर्च दोनों बढ़े हैं। करीब 50 वर्ष पहले पुतला निर्माण सहित पूरे कार्यक्रम पर लगभग 50 हजार रुपए खर्च होते थे। अब आयोजन पर करीब 8 से 10 लाख रुपए से अधिक खर्च आता है। पटाखों और निर्माण सामग्री की कीमतों में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।
50 से अधिक पुलिस जवान रहेंगे तैनात, वॉलेंटियर भी संभालेंगे व्यवस्था
रावण दहन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के सहयोग से मैदान में बैरिकेडिंग की जाएगी। सुरक्षा के लिए 50 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की तैयारी है। दशहरा कमेटी के वॉलेंटियर भी भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता में जुटेंगे।
रावण वध के बाद लोगों को व्यवस्थित तरीके से अलग-अलग दिशाओं में निकाला जाएगा। मैदान चारों ओर से खुला होने के कारण निकासी में सुविधा मिलेगी।
आयोजन समिति में संयोजक अरुण प्रभाकर, विनोद तनेजा, संजय पाहवा, संजय बठेजा और सुमित गुलयानी, अध्यक्ष मुकेश कटारिया, सचिव साहिल चोपड़ा तथा कोषाध्यक्ष सुमित झांब सहित अन्य सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।



*कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर किया पूजन, भोजन कराकर लिया आशीर्वाद – Doorbeen News*
कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर किया पूजन, भोजन कराकर लिया आशीर्वाद










One Comment